मुख्यमंत्री ने अभ्युदय योजना का शुभारम्भ किया
अभ्युदय योजना के अन्तर्गत 16 फरवरी, 2021 कोबसन्त पंचमी से प्रदेश में क्लासेज शुरू
होंगी

लखनऊ | मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अभ्युदय योजना प्रदेश के युवाओं के उत्कर्ष का मार्ग प्रशस्त करने की राज्य सरकार की एक अभिनव योजना है। यह योजना प्रदेश के युवाओं के लिए समर्पित है। अभ्युदय योजना राज्य के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी। जब बड़ी-बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा, तो उसका लाभ भी प्रदेश को होगा। मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर अभ्युदय योजना का शुभारम्भ करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। ज्ञातव्य है कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए यह योजना प्रारम्भ की गयी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्युदय योजना के अन्तर्गत 16 फरवरी, 2021 को बसन्त पंचमी से प्रदेश में क्लासेज शुरू होंगी। जिन युवाओं का टेस्ट के माध्यम से चयन हुआ है, उन्हें मण्डल मुख्यालय में साक्षात क्लास अटेण्ड करने का अवसर मिलेगा। शेष अभ्यर्थी वर्चुअल माध्यम से ऑनलाइन क्लास से जुड़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं को जिस भी फील्ड में जाना हो, उसकी शुरुआत अच्छे से करें। मजबूत बुनियाद ही मजबूत इमारत का आधार होती है। अभ्युदय योजना को लेकर यही भाव रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 50 लाख से अधिक लोगों ने इस योजना में रुचि दिखायी है। 05 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया, जो योजना की लोकप्रियता को स्वतः दर्शाता है। अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रतियोगी युवाओं को आई0ए0एस0, आई0पी0एस0, आई0एफ0एस0, पी0सी0एस0 सहित मेडिकल, आई0आई0टी0 के विशेषज्ञों का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। अभ्युदय योजना को सफल बनाने के उद्देश्य से बेहतर फैकल्टी की व्यवस्था की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में यह बात सदैव याद रखनी चाहिए कि सकारात्मक सोच ही व्यक्ति को बड़ा बना सकती है। उन्होंने कहा कि आप सभी ने बेसिक शिक्षा के विद्यालयों में व्यापक परिवर्तन देखा होगा। इस परिवर्तन का आधार एक जिलाधिकारी की सोच का परिणाम है। आज प्रदेश के 90 हजार से अधिक विद्यालयों का कायाकल्प किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्युदय योजना के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत बनाने की नींव और मजबूत होगी। अभ्युदय योजना को पहले चरण में 18 मण्डल मुख्यालयों में प्रारम्भ किया जा रहा है। आने वाले समय में इसका विस्तार जनपदों में भी किया जाएगा। इस योजना में साप्ताहिक, मासिक टेस्ट भी होंगे, जिसके आधार पर स्क्रीनिंग की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अभ्युदय योजना में 05 मण्डलों के पंजीकृत अभ्यर्थियों से संवाद किया। इसके अन्तर्गत उन्होंने जनपद वाराणसी के श्री कपिल दुबे, जनपद गोरखपुर की कु0 साक्षी पाण्डेय, जनपद प्रयागराज की कु0 शिष्या सिंह राठौर, जनपद मेरठ के श्री हिमांशु बंसल से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। जनपद लखनऊ की कु0 प्रियांशु मिश्रा व कु0 अनामिका सिंह से मुख्यमंत्री ने साक्षात संवाद किया।
पंजीकृत अभ्यर्थियों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने जीवन में सफल होने के कुछ मंत्र दिये। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच से एकाग्रता आती है। व्यक्ति को संयमित जीवनचर्या रखनी चाहिए। विपत्ति में व्यक्ति का सबसे बड़ा मित्र धैर्य होता है।
संवाद के दौरान एक अभ्यर्थी द्वारा ओ0डी0ओ0पी0 पर पूछे गये प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ओ0डी0ओ0पी0 देश में परम्परागत उत्पाद को आगे बढ़ाने की एक महत्वपूर्ण योजना है। ओ0डी0ओ0पी0 योजना देश को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है। एक अन्य अभ्यर्थी के प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार व राज्य सरकार किसानों के हितों में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसानों की चिन्ता का समाधान प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड के माध्यम से जमीन का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ0 दिनेश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में प्रदेश का सर्वांगीण विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि अभ्युदय योजना प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए एक अच्छा प्लैटफॉर्म है। इससे उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में नकलविहीन परीक्षा सम्पन्न कराने का कार्य किया है। विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त हो सके, इसके लिए पाठ्यक्रमों में भी व्यापक बदलाव किया गया है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री आर0के0 तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह श्री अवनीश कुमार अवस्थी, अपर मुख्य सचिव एम0एस0एम0ई0 एवं सूचना श्री नवनीत सहगल, पुलिस महानिदेशक श्री हितेश सी0 अवस्थी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, मण्डलायुक्त लखनऊ श्री रंजन कुमार, आई0जी0 रेन्ज लखनऊ श्रीमती लक्ष्मी सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।