जयपुर। कल्पतरू संस्थान की ओर से जयपुर में विश्ववानिकी दिवस के अवसर पर एक अनोखा एेतिहासिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। पहली बार इतिहास में दस्यु जीवन पर आधारित पर्यावरण को समर्पित दस्युओं का महाकुम्भ ‘पहले बसाया बीहड़ … अब बचाएंगे बीहड़’ का आयोजन किया गया। रविवार को जयपुर में समारोह में देश के कई प्रदेशों से आए 25 से ज्यादा छोटे बड़े पूर्व डाकुओं ने कहा कि सरकार की सहायता मिले तो वो जंगल बचा सकते हैं। पूर्व दस्यु सीमा परिहार के साथ इस समारोह में आए एक व्यक्ति कैलाश गौतम ने जेएनयू छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया का सिर लाने वाले को दस लाख रुपए का इनाम देने की बात कही है। खुद को ये व्यक्ति भारतीय किसान संघ से जुड़ा हुआ बताता है।
श्री कल्पतरू संस्था की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में सीमा परिहार, रेणु यादव, गब्बर सिंह सहित कई पूर्व दस्यु मौजूद थे। इस कार्यक्रम में उनका कहना था कि जब तक वह बीहड़ों में रहे, जंगल को बचाए रखा। वह अब भी यह काम कर सकते हैं। सीमा परिहार ने कहा कि जो काम सरकार के नुमाइंदे नहीं कर सकते, हमें दो हम करके दिखाएंगे। सरकार साथ दे तो हम यह काम 200 प्रतिशत कर सकते हैं। संस्था पूर्व दस्युओं के साथ संस्था के संयोजक विष्णु लांबा ने बताया कि ‘बीहड़ बसाया अब बीहड़ बचाएंगे’ कार्यक्रम शुरू कर रही है। इसके तहत पहला कार्यक्रम यहां किया गया। ये कार्यक्रम अब अन्य स्थानों पर भी किए जाएंगे।