10 गांव को गोद ले और स्‍टूडेंट्स के माध्‍यम से शिक्षा दी जाए—— मंत्री स्‍मृति ईरानी


     

smriti2-1452433748

लखनऊ । मानव संसाधन मंत्री स्‍मृति ईरानी ने रविवार को बीबीएयू के 20वें फाउंडेशन डे के कार्यक्रम में  कहा, ‘यूनिवर्सिटी अपने क्षेत्र के 10 गांव को गोद ले और स्‍टूडेंट्स के माध्‍यम से यहां शिक्षा दी जाए। इस तरह उन्‍नत भारत अभियान को सफल बनाने में मदद मिलेगी।’ इस दौरान उन्‍होंने यूनिवर्सिटी में वीमेन हॉस्‍टल की नींव भी रखी। स्मृति ईरानी ने उन्‍नत भारत अभियान के तहत 5 गांव गोद लिए जाने की तारीफ की। उन्‍होंने कहा कि यूनिवर्सिटी अब पांच की जगह 10 गांवों को गोद लें। केंद्र सरकार हर संभव आर्थिक सहयोग करेगा।

स्मृति ने कहा कि गरीबों तक शिक्षा पहुंचाने के लिए एनसीआरटी के लर्निंग मॉड्यूल्‍स तैयार किए गए हैं।
इसी तर्ज पर अब अगले एक माह में ही उच्च शिक्षा के 12 हजार से अधिक लर्निंग मॉड्यूल्‍स उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसे मोबाइल ऐप के माध्यम से पूरे देश के बच्चों को निशुल्क उपलब्‍ध कराया जाएगा।

इस कार्यक्रम में स्मृति ईरानी तय समय से लगभग दो घंट देरी से पहुंची। उन्हें दोपहर ढाई बजे कार्यक्रम में शामिल होना था। हालांकि इसका कारण अभी तक साफ नहीं हो पाया है। वहीं इस दौरान मेयर दिनेश शर्मा की कुर्सी खाली पड़ी रही। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन्हें भी गेस्ट के तौर पर आमंत्रित किया था। सूत्रों के मुताबिक मेयर दिनेश शर्मा यूनिवर्सिटी आए थे लेकिन स्मृति के आगमन में देरी के कारण चले गए।


22 जनवरी को होने वाले यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में पीएम मोदी को भी आना है। ऐसे में यूनिवर्सिटी परिसर में दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेजी से होने लगी हैं। यूनिवर्सिटी के वीसी आरसी सोबती के मुताबिक, दीक्षांत समारोह की तैयारियां अपने अंतिम दौर में है और हमें गर्व है कि पीएम मोदी यहां आ रहे हैं।


Scroll To Top
Translate »