भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी तीन मैचों की टी-20 सीरीज का दूसरा मैच टीम इंडिया ने 27 रन से जीत लिया। 185 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 157 रन ही बना सकी। एक समय मैच से बाहर दिख रही टीम इंडिया ने जबर्दस्त वापसी करते हुए 2008 के बाद ऑस्ट्रेलियाई धरती पर ऐतिहासिक सीरीज जीत दर्ज कर ली। धोनी ऐसे सातवें कप्तान बन गए हैं, जिसने ऑस्ट्रेलिया में दो सीरीज जीती हैं। 26 साल में टीम इंडिया की ऑस्ट्रेलिया में यह तीसरी सीरीज जीत है। विराट कोहली को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
टीम इंडिया की ओर से विराट कोहली टॉप स्कोरर रहे। कोहली 33 गेंदों में 59 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिसमें सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। गेंदबाजी में टीम इंडिया की ओर से रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह ने दो-दो विकेट लिए, जबकि युवराज सिंह, आर अश्विन और हार्दिक पांड्या को एक-एक विकेट मिले।
मेलबर्न में इंडिया की धूम, जीत की हैट्रिक
वैसे भी मेलबर्न में भारत के लिए 29 जनवरी का दिन ऐतिहासिक रहा। यहां के तीन अलग-अलग वेन्यू में खेले गए मैचों में हमारे खिलाड़ियों ने देश का नाम रोशन कर दिया। सबसे पहले महिला क्रिकेट टीम ने टी-20 में ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक जीत दर्ज की, इसके बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन के महिला डबल्स में सानिया मिर्ज़ा और मार्टिना हिंगिस की जोड़ी ने अपने तीसरे ग्रैंड स्लैम ख़िताब पर कब्जा किया, फिर टी-20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में धोनी के धुरंधरों ने ऑस्ट्रेलिया को 27 रन से हराते हुए इस सुनहरी कामयाबी की ‘हैट्रिक’ पूरी कर दी।
मैच का पूरा कवरेज इस प्रकार है-
टीम इंडिया की बॉलिंग-
टीम इंडिया को पहली सफलता आर अश्विन ने 10वें ओवर में दिलाई। यह विकेट ऐसे समय मिला जब टीम इंडिया विकेट के लिए तरस रही थी और मैच हाथ से निकलता दिख रहा था। उन्होंने शॉन मार्श को 23 के निजी स्कोर पर हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया। इसके बाद तो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी लड़खड़ा गई और वापसी नहीं कर सकी।
16 से 20 ओवर : ऐतिहासिक जीत
टीम इंडिया ने 16वें ओवर में एरॉन फिंच (74) का विकेट लेकर जीत की ओर कदम बढ़ा दिए। दरअसल फिंच को की जीवनदान मिले थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की उम्मीद जेम्स फॉल्कनर से थी, लेकिन रवींद्र जडेजा ने 17वें ओवर में उन्हें धोनी के हाथों स्टंप कराकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। ऑस्ट्रेलिया को आखिरी पांच ओवर में जीत के लिए 61 रन चाहिए थे, लेकिन वह 33 रन ही बना सकी। ऑस्ट्रेलिया- 157/8, 27 से हारा
11 से 15 ओवर : झटके 3 विकेट
कई कैच छोड़ने के बाद आखिरकार टीम इंडिया को विकेट मिलने शुरू हुए। 11वें और 12वें ओवर में एक-एक विकेट मिले। हार्दिक पांड्या ने क्रिस लिन को पैवेलियन लौटाया, तो युवराज सिंह ने 12वें ओवर में खतरनाक ग्लेन मैक्सवेल को स्टंप कराया।इसके बाद 15वें ओवर में जडेजा ने शेन वॉटसन को अपनी ही गेंद पर कैच करके टीम को चौथी सफलता दिलाई। ऑस्ट्रेलिया- 124/4
6 से 10 ओवर : धोनी स्टम्पिंग करने से चूके, फिंच को 3 जीवनदान
ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय गेंदबाजों की पिटाई जारी रखी। छठवें ओवर में बुमराह की गेंदों पर मार्श ने जहां पांच रन बनाए, वहीं फिंच ने नौ रन ठोके। सातवें ओवर में धोनी ने जडेजा को आक्रमण पर लगाया। उनकी चौथी ही गेंद पर टीम इंडिया को विकेट लेने का मौका मिला, लेकिन धोनी ने शॉन मार्श को जीवनदान दे दिया। उन्होंने स्टम्पिंग का आसान-सा अवसर खो दिया। 9वें ओवर में रवींद्र जडेजा की गेंद पर उमेश यादव ने फिंच का मुश्किल कैच टपका दिया। इसके बाद 10वें ओवर में अश्विन की तीसरी गेंद पर ऋषि धवन ने भी फिंच का कैच छोड़ दिया। अगली गेंद पर शिखर धवन तो फिंच का बेहद आसान कैच नहीं पकड़ सके। आखिरकार इसी ओवर में अश्विन ने मार्श को हार्दिक पांड्या के हाथों कैच कराया और पहली सफलता दिलाई। ऑस्ट्रेलिया- 95/1.
पहले 5 ओवर : खूब हुई पिटाई
टीम इंडिया की गेंदबाजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पिछले मैच में शानदार गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमरा के पहले ओवर में 10 रन बन गए। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने आशीष नेहरा की भी पिटाई की। नेहरा के दूसरे ओवर में 16 रन बने। इस प्रकार 5 ओवर में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 48/0 रहा।
टीम इंडिया की बैटिंग का अपडेट
16 से 15 ओवर : बने 50 रन
अंतिम पांच ओवरों का खेल शुरू होते ही टीम इंडिया को झटका लग गया, जब रोहित शर्मा और विराट कोहली रनिंग में गलती कर बैठे और रोहित आउट हो गए। रोहित ने 47 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें उन्होंने पांच चौके और दो छक्के उड़ाए। इसके बाद कप्तान धोनी और विराट ने पारी को आगे बढ़ाया। हालांकि इस बीच रनरेट फिर से कम हो गया और रन उतनी तेजी से नहीं बने, जितने बनने चाहिए थे। आखिरी के पांच ओवरों में टीम इंडिया ने 50 रन जोड़े। कप्तान धोनी ने नौ गेंदों पर 14 रन बनाए और बड़ा शॉट लगाने के फेर में आउट हो गए। उन्हें एंड्रयू टाइ की गेंद पर शेन वॉटसन ने लपका। कोहली 59 रन बनाकर नाबाद रहे। स्कोर- 20 ओवर, 184/3
https://rashtriyadinmaan.com

