प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत SGS CITY-2 में 1,344 ईडब्ल्यूएस आवासों का लॉटरी के माध्यम से आवंटन


गाजियाबाद, 26 नवम्बर । गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराने की दिशा में आज SGS CITY-2 फर्म द्वारा निर्मित ईडब्ल्यूएस आवासीय फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से कराया गया।

उक्त योजना के अंतर्गत कुल 1,493 ईडब्ल्यूएस आवासीय फ्लैटों का निर्माण किया गया है। इन आवासों के आवंटन हेतु प्राप्त आवेदनों की जांच के उपरांत पात्र आवेदकों को लॉटरी प्रक्रिया में सम्मिलित किया गया। योजना में कुल 6,277 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से जांच के उपरांत 1,807 आवेदन पात्र पाए गए।

आज आयोजित लॉटरी के माध्यम से कुल 1,344 पात्र आवेदकों को आवास आवंटित किए गए। वहीं, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की निर्धारित श्रेणी में 149 आवासों के सापेक्ष अपेक्षित पात्र आवेदक उपलब्ध न होने के कारण उनका आवंटन नहीं किया जा सका।

आवंटन की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई। इस अवसर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से अपर सचिव श्री प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी श्रीमती कनिका कौशिक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त डूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) के संबंधित अधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की उपस्थिति में लॉटरी की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। लॉटरी के माध्यम से आवास आवंटन की यह प्रक्रिया पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


Scroll To Top
Translate »