दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय में राष्ट्र विरोधी नारे लगाने का मामला सियासी उफान पर है. विवाद को लेकर शनिवार को सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी, निलोत्पल बसु, सीपीआई नेता डी. राजा और उनकी पत्नी एनी राजा के साथ ही जेडीयू प्रवक्ता केसी त्यागी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल से मिलने पहुंचे हैं. सभी नेताओं ने जेएनयू छात्र संघ के नेता कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी पर एतराज जताया है और सीएम से मामले में दखल की अपील की है.
मुलाकात के बाद सीताराम येचुरी ने कहा, ‘हमने मुख्यमंत्री से अपील की है कि मामले की स्वतंत्र मजिस्ट्रेट जांच करवाई जाए. केंद्र सरकार जो साक्ष्य रख रही है, उसकी सत्यता की प्रमाणिकता स्थापित की जानी चाहिए.’
इस बीच दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि पुलिस को राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. हालांकि, उन्होंने पुलिस के गर्ल्स हॉस्टल में दाखिल होने को गलत बताया. डिप्टी सीएम ने कहा, ‘अगर कोई दोषी है तो गर्ल्स हॉस्टल में महिला पुलिस को तैनात करना चाहिए. लेकिन छात्रों को इस तरह आतंकित करना भी गलत है.’
राजनाथ सिंह से भी मिले लेफ्ट नेता
बता दें कि इससे पहले छात्रों की गिरफ्तारी के मामले में येचुरी और डी राजा ने केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की. शनिवार दोपहर में हुई इस मुलाकात के बाद ये दोनों नेता और नीलोत्पल बसु शाम में जेएनयू जाकर छात्रों से मिलेंगे. गृह मंत्री से मुलाकात के बाद येचुरी ने बताया कि गृहमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि बेकसूर छात्रों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी.
येचुरी ने कहा, ‘इन दिनों ऐसा क्या बुरा नहीं हो रहा है जो इमरजेंसी के दिनों में होता था. जेएनयू में जब कैमरे नहीं लगे हैं तो नारेबाजी का वीडियो टेप कहां से आया? ऐसा आयोजन हुआ है, फिलहाल यह साबित होना भी बाकी है.’ जेडीयू नेता केसी त्यागी ने भी राजनाथ सिंह से मुलाकात की है. उन्होंने कहा कि हैदराबाद की तरह जेएनयू का माहौल बिगाड़ने की साजिश रची जा रही है.
केजरीवाल और लालू ने किया ट्वीट
जेएनयू विवाद पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘मोदीजी लोगों को डराने के लिए पुलिस का इस्तेमाल करते हैं.’
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद ने भी ट्विटर पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लिखा है कि जेएनयू प्रकरण के जरिए रोहित वेमुला की आत्महत्या के मामले को ढंकने की कोशिश की जा रही है.
https://rashtriyadinmaan.com

