नई दिल्ली। मशहूर क्रिकेटर और कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने सोमवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, जिसे मंजूर कर लिया गया है। उनके इस चौंकाने वाले कदम के पीछे कयास लगाए जा रहे हैं कि वे आम आदमी पार्टी का दामन थाम सकते हैं। उन्हें पंजाब से आप सीएम पद का उम्मीदवार भी बना सकती है।
सिद्धू 28 अप्रेल को ही भाजपा के टिकट पर राज्यसभा सांसद बने थे। हालांकि 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में अरुण जेटली को टिकट देने के चक्कर में उनका टिकट काट दिया गया था, तभी से पार्टी से खफा चल रहे थे। आप ने जब से पंजाब में सियासी गतिविधियां तेज की थी, तभी से सिद्ध के आप पार्टी में जाने की खबरें चल रही थी। सिद्धू अपनी पत्नी नवजोत कौर के साथ चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
सिद्धू की पत्नी और अमृतसर से भाजपा विधायक नवजोत कौर ने अप्रेल में पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। नवजोत पंजाब की प्रकाश सिंह बादल सरकार में संसदीय सचिव का पद संभाल चुकी हैं। कौर ने अपने इस्तीफे के लिए एक अप्रेल की तारीख चुनीए हालांकि उनके पीए ने साफ किया था कि यह अप्रेल फूल का मजाक नहीं है।
नवजोत ने अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए इस्तीफे की जानकारी दी थी। उन्होंने लिखा था कि आखिरकार मैंने बीजेपी से इस्तीफा दे दिया है। एक बड़ा बोझ उतर गया है। तभी से दोनों की आप पार्टी में एंट्री की बात सामने आने लगी थी।
https://rashtriyadinmaan.com

