नई दिल्ली : अक्सर ही विवादों में रहने वाले कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह फिर विवादों में हैं. इस बार मोदी सरकार की आलोचना करने के चक्कर में उनकी जुबान कुछ ऐसी फिसली है कि वे खुद निशाने पर हैं. दरअसल, उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर की तर्ज पर जम्मू-कश्मीर के लिए भारत अधिकृत कश्मीर कह दिया है. कश्मीर को लेकर लगातार तीसरे बड़े कांग्रेस नेता का ‘उल्टा’ बयान आया है.
इससे पहले सलमान खुर्शीद ने कहा था कि बलूचिस्तान, पाकिस्तान का मामला है उस पर पीएम मोदी को बोलना नहीं चाहिए था. इसके साथ ही इसी तरह का बयान पी. चिदंबरम ने भी दे दिया था. हालांकि, दोनों ही मामलों में कांग्रेस पार्टी ने अपने नेताओं के बयान से साफ तौर पर पल्ला झाड़ लिया था. अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि कश्मीर मुद्दे पर ही दिग्विजय सिंह की जुबान फिसल गई है.
गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव विदेश नीति को लेकर पीएम मोदी की आलोचना कर रहे थे. तमाम सवालों के जवाब देने की धुन में वे बोल गए कि चाहें वह भारत अधिकृत कश्मीर हो या फिर पाक अधिकृत कश्मीर, दोनों के ही मामले में बातचीत होनी चाहिए. हालांकि, उन्होंने इस बयान के तुरंत बाद ही कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है इसे किसी तरह अलग नहीं किया जा सकता है.
इसके अलावा उन्होंने कश्मीर में चल रही अशांति को लेकर भी मोदी सरकार पर हमला किया. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी पाक अधिकृत कश्मीर को लेकर तो बयान दे रहे हैं. लेकिन, भारत के कश्मीर पर उनका कोई बयान नहीं आया है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वे अर्धसैनिक बलों की पूरी तरह से समर्थन में हैं.
बैंगलोर में ‘देशद्रोह’ के मुद्दे पर भी दिग्विजय ने बयान दिया
बैंगलोर में ‘देशद्रोह’ के मुद्दे पर भी दिग्विजय सिंह ने बयान दिया. एमनेस्टी इंटरनेशनल के कार्यक्रम में कथित तौर पर कश्मीर के आजादी के नारे लगाने पर उन्होंने कहा कि नारा लगाना देशद्रोह नहीं है. उन्होंने कहा कि यदि कोई भारत विरोधी गलती करता है तो उसे सजा जरूर देनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कर्नाटक की सरकार इस मामले में विचार कर रही है.
https://rashtriyadinmaan.com

