मंत्रिमंडल विस्तार से सपा सरकार कमजोर, लाचार साबित: मायावती


75809d19e5143f6aee656483e7e39988_m

लखनऊ,। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष,  मायावती ने आज यहाँ कहा कि भूतत्व व खनन मंत्री के रूप में भ्रष्टाचार में लिप्त होने के आरोप में कुछ दिन पूर्व बर्खास्त किये गये गायत्री प्रसाद प्रजापति को दोबारा मंत्री बनाकर वर्तमान सपा सरकार के मुखिया ने ना केवल अपने आपको एक अत्यन्त ही कमज़ोर व यूटर्न लेने वाला मुख्यमंत्री साबित किया है बल्कि यह भी जग-ज़ाहिर हो गया है कि इस सपा सरकार में खराब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ यहाँ भ्रष्टाचार भी बेलगाम जारी रहेगा।

राज्य मन्त्रिमण्डल में आज के विस्तार व फेरबदल पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये मायावती ने कहा कि प्रदेश की जनता यह समझ नहीं पा रही है कि जिस मंत्री को अभी हाल ही में खनन विभाग में ज़बरदस्त भ्रष्टाचार के आरोप में बखऱ्ास्त किया गया था तथा जिस विभाग में व्यापक भ्रष्टाचार के मामले पर  हाईकोर्ट द्वारा सी.बी.आई. जाँच का आदेश भी दिया गया है, तो उसे फिर किस मजबूरी में दोबारा मंत्री बना दिया गया है। अगर उस मंत्री का विभाग भी बदल दिया जाता है तो भी क्या उस मंत्री का चाल, चरित्र व स्वभाव बदल जायेगा, जो असंभव है। इसके अलावा, वर्तमान सपा सरकार के मुखिया का विभिन्न मामलों में अपने फैसले के बदलने से भी यह एक कमज़ोर व यू-टर्न लेने वाली लचर सरकार साबित हुई है, जिसका काफी बुरा प्रभाव पहले से ही प्रदेश की जनता को पिछले लगभग साढ़े चार वर्षों से ख़ासकर कानून-व्यवस्था व विकास के मामले में भी झेलना पड़ रहा है।


Scroll To Top
Translate »