
लखनऊ, समाजवादी पार्टी में चल रहे सियासी घमासान के बीच सांसद प्रो. रामगोपाल सोमवार को खुलकर सामने आए। प्रोफेसर रामगोपाल यादव और सांसद अक्षय यादव सोमवार को सैफई में शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं।
करीब 800 गाड़ियों के साथ उनका काफिला आगरा जिले के कुबेरपुर से गुजरा है। यह फिरोजाबाद से होते हुए सैफई पहुंचा।
सैफई में उनके काफिले में कुल 5000 गाड़ी जुटाने का दावा किया गया है। उन्होंने यहां पूरे विवाद पर पहली बार चुप्पी तोड़ी और बोले हमें किसी से कमजोर न समझें।
प्रो.रामगोपाल ने प्रेस वार्ता कर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव पर निशाना साधा। इशारों ही इशारों में बोले, गलत तरीके से नेताओं का निष्कासन किया जा रहा है। सभी को पार्टी में फिर से वापस लिया जाना चाहिए।
उन्होंने भांजे अरविंद प्रताप यादव के निष्कासन को भी गलत ठहराया। बोले, अरविंद पर कोई ऐसा आरोप नहीं है जिसके चलते उसे पार्टी से निकाला जा सके। यह सभी निष्कासन गलत तरीके से किए गए हैं।
प्रो.रामगोपाल ने मुलायम सिंह यादव की भी खूब तारीफें की। बोले वह बड़े दिलवाले हैं। पार्टी में गलत कामों को जरूर रोकेंगे। निष्कासित नेताओं को भी वही वापस पार्टी में लाएंगे।
उन्हाेंने भतीजे अखिलेश यादव की जमकर तरीफ भी की। बोले, अखिलेश बेहतरीन काम कर रहे हैं और अगले 25 साल तक वही मुख्यमंत्री बने रहेंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
