CBI जांच झेल रहे पूर्व DG बसंल और पुत्र ने की आत्महत्या


 

1474972539

नई दिल्ली। रिश्वत मामले में फंसे कंपनी मामलों के मंत्रालय के पूर्व महानिदेशक बीके बंसल मंगलवार को राजधानी के मधुविहार इलाके मेेंं नीलकंठ अपार्टमेंट के अपने फ्लैट में पुत्र योगेश के साथ मृत पाए गए। उनका और उनके बेटे का शव फंदे से झूलता पाया गया।

पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त रिषि पाल सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर ऐसा लग रहा है कि दोनों ने आत्महत्या की है लेकिन पुलिस किसी नतीजे पर पहुंचने के पहले सभी कोणों से इस घटना की जांच कर रही है। सिंह के मुताबिक बंसल और उनके बेटे का शव सुबह साढ़े नौ बजे के करीब उनके फ्लैट में मिला।

सबसे पहले इस घटना की सूचना साढ़े आठ बजे पुलिस को उनके यहां काम करने वाली घरेलू नौकरानी ने दी। बंसल का शव उनकी पत्नी के कक्ष जबकि बेटे का शव उनकी बेटी के कमरे से मिला।घर से अलग-अलग सुसाइड नोट भी मिले हैं लेकिन पुलिस ने इस नोट का ब्यौरा सार्वजनिक करने से इनकार करते हुए इसकी प्रति केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को जांच के लिए भेज दी है।

बंसल के विरुद्ध मुंंबई की एक फार्मा कंपनी से नौ लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में सीबीआई जांच चल रही थी। इस आरोप में गत 16 जुलाई को उन्हें गिरफ्तार किया गया था और उनके मधुविहार अपार्टमेंट में सीबीआई टीम ने छापेमारी भी की थी। छापेमारी में कई लाख रुपए, कई संपत्तियों के दस्तावेज और करीब 60 बैंक अकांउट बरामद किए थे।

बंसल को रिश्वत लेते हुए पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था जिसके बाद उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था। इस घटना से आहत होकर बंसल की पत्नी सत्यबाला और उनकी बेटी नेहा ने दो दिन बाद 19 जुलाई को पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। उनके पास से सुसाइड नोट भी बरामद किया गया था, जिसमें लिखा था कि सीबीआई छापे से उनकी बहुत बदनामी हुई है और इससे आहत होकर वह आत्महत्या कर रही हैं।

इस घटना के बाद बंसल को अगस्त में कुछ दिनों के लिए जमानत पर रिहा कर दिया गया था। उनके बेटे से पुलिस ने पूछताछ की थी। पत्नी और बेटी की मौत के बाद से बंसल काफी दुखी थे और उनकी तबीयत भी खराब रहने लगी थी। आज उनके और उनके बेटे के कथित आत्महत्या कर लेने से पूरा बसंल परिवार ही खत्म हो गया है।

पुलिस ने इसे बेहद संवदेनशील मामला मानते हुए इसकी गहन जांच शुरू कर दी है। इस बीच, सीबीआई की ओर से आज के हादसे पर बयान जारी कर बंसल और उनके बेटे की मौत पर दुख जताते हुए कहा है कि पूरे मामले की जांच दिल्ली पुलिस देख रही है।

सीबीआई ने अपने बयान में बंसल के खिलाफ चल रही रिश्वत मामले की जांच का हवाला देते हुए बताया है कि 16 जुलाई को गिरफ्तार किए गए बंसल की 20 जुलाई से 21 अगस्त तक अंतरिम जमानत मंजूर की गई थी। इसके बाद 30 अगस्त से वह नियमित जमानत पर थे। उनके खिलाफ जांच जारी थी।


Scroll To Top
Translate »