
लखनऊ. घर में मचे घमासान के बीच मुलायम सिंह यादव और उनके मुख्यमंत्री बेटे अखिलेश यादव अब अलग-अलग रहेंगे. अब तक पिता-पुत्र लखनऊ में 5-विक्रमादित्य मार्ग वाले बंगले पर रहते थे. पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते मुलायम सिंह यादव को ये घर यूपी सरकार से मिला हुआ है.
औपचारिक तौर पर 5-कालिदास मार्ग का बंगला राज्य के मुख्यमंत्री का सरकारी आवास होता है, लेकिन अखिलेश यादव यहां कभी नहीं रहे. इस बंगले से वो सिर्फ सरकारी कामकाज निपटाते है. किसी से मिलना होता है या फिर प्रेस कांफ्रेंस करने के लिए अखिलेश इस घर का इस्तेमाल करते रहे है. इसके बगल में उन्होंने जनता दर्शन के लिए अलग से एक हॉल भी बनवाया था.
अखिलेश का परिवार अब 4-विक्रमादित्य रोड के बंगले में रहेगा. घर में मचे घमासान के बाद मुलायम और अखिलेश में बातचीत तक बंद है. सूत्रों के अनुसार एक घर में रह कर भी दोनों एक-दूसरे से मिलने से बचते है. 5-विक्रमादित्य मार्ग वाले बंगले में मुलायम सिंह, उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता, छोटे बेटे प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा रहते हैं.
सीएम बन जाने के बावजूद अखिलेश और उनकी सांसद पत्नी डिंपल भी यही रहते रहे. अखिलेश ने 4-विक्रमादित्य रोड वाला बंगला इसी नियम के तहत अपने नाम करा लिया है. इसके रंग-रोगन और सजाने का काम पिछले साल भर से चल रहा था. सूत्र बताते हैं कि अखिलेश ने शुभ मुहूर्त भी दिखवा लिया है. इसी नवरात्रि में वे इस बंगले में प्रवेश कर जाएंगे.
https://rashtriyadinmaan.com
