पिज्जा चेन ‘मिस्टर पिज्जा‘ ब्राण्ड के उत्पादों के लिए नोएडा में कारखाना स्थापित किया जाएगा


unnamed998uiijkkjkk
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में गैलेक्सी वेन्चर्स तथा
दक्षिण कोरिया के एम0पी0के0 ग्रुप के बीच एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित
लखनऊ:   प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव की उपस्थिति में आज उनके सरकारी आवास पर गैलेक्सी वेन्चर्स तथा दक्षिण कोरिया के एम0पी0के0 ग्रुप के बीच एक एम0ओ0यू0 हस्ताक्षरित किया गया। इसके तहत एक संयुक्त उपक्रम के माध्यम से एम0पी0के0 ग्रुप द्वारा संचालित पिज्जा चेन ‘मिस्टर पिज्जा‘ ब्राण्ड के उत्पादों के लिए नोएडा में कारखाना स्थापित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस प्रयास के लिए बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की समाजवादी सरकार राज्य में उद्यमों की स्थापना के लिए कटिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा निवेशोन्मुखी नीतियां लागू की गईं, जिनके चलते उद्यमी यहां बड़े पैमाने पर निवेश कर रहे हैं। इससे प्रदेश के नौजवानों को रोजगार के बेहतर अवसर भी मिल रहे हैं। उत्तर प्रदेश में देश की आबादी का एक बहुत बड़ा हिस्सा रहता है, इस कारण यहां बहुत बड़ा बाजार भी उपलब्ध है। तेजी से बढ़ते मध्यम वर्ग के कारण यहां उपभोक्ता वस्तुओं की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है।
श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश कृषि प्रधान अर्थव्यवस्था वाला राज्य है। समाजवादी सरकार ने ‘मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण मिशन योजना‘ को लागू करने का फैसला लिया ताकि यहां फूड प्रोसेसिंग सेक्टर का विकास हो तथा पूंजी निवेश को भी बढ़ावा मिले। उन्होंने भरोसा जताया कि इस ज्वाइन्ट वेन्चर की स्थापना हो जाने पर राज्य के नौजवानों को रोजगार के नये अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस संयुक्त उपक्रम को हर सम्भव मदद देगी।
एम0ओ0यू0 पर एम0पी0के0 ग्रुप के चेयरमैन श्री जुंग वू ह्यून तथा गैलेक्सी वेन्चर्स के अध्यक्ष श्री पी0के0 गुप्ता द्वारा हस्ताक्षर किए गए। कम्पनी भारत में 100 आउटलेट्स स्थापित करेगी, जिनमें 03 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार श्री आलोक रंजन, प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास श्री रमा रमण, प्रमुख सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण श्री महेश कुमार गुप्ता, विशेष सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास श्री अनिल कुमार पाठक मौजूद थे।

Scroll To Top
Translate »