
नयी दिल्ली. 500 व एक हजार के पुराने नोटों को चलन में बंद करने के बाद आम आदमी को राहत देने के लिए सरकार पिछले डेढ़ दिनों से लागतार नयी घोषणाएं कर रही है. इस क्रम में आज आर्थिक मामलों के सचिव शक्तिकांत दास ने कहा कि बाजार में अगले कुछ महीनों में एक हजार रुपये के नये नोट आ जायेंगे. उन्होंने कहा कि पुराने एक हजार के नोट को बंद करने का निर्णय काला धन के प्रवाह को रोकने के लिए लिया गया था और अब नया एक हजार का नोट कुछ नये सिक्यूरिटी फीचर के साथ बाजार में आयेगा. दास ने कहा कि नया 2,000 रुपये का नोट जारी करने पर रिजर्व बैंक की करीब से निगाह रहेगी. शक्तिकांता दास ने यह भी कहा है कि समय-समय पर नये सिक्यूरिटी फीचर व नये डिजाइन के नोट जारी किये जायेंगे.
सरकार ने आगाह किया कि बड़े नोटों का चलन बंद करने के बाद उन्हें जमा कराने की 50 दिन की छूट की अवधि में 2.5 लाख रुपये से अधिक की नकद जमा के मामलों में यदि आय घोषणा में विसंगति पायी गयी तो कर और 200 प्रतिशत जुर्माना भरना पड़ सकता है. राजस्व सचिव हसमुख अधिया ने ट्वीटर पर यह जानकारी दी. उन्होंने कहा, ‘10 नवंबर से 30 दिसंबर 2016 की अवधि में हर बैंक खाते में 2.5 लाख रुपये की सीमा से अधिक की सभी नकदी जमाओं की रपट हमें मिलेगी.’
अधिया ने कहा, ‘आयकर विभाग इन जमाओं का मिलान जमाकर्ता के आयकर रिटर्न से करें. उचित कार्रवाई की जा सकती है.’ खाताधारक द्वारा घोषित आय और जमाओं में किसी तरह की विसंगति को कर-चोरी का मामला माना जाएगा. अधिया ने कहा कि उन छोटे कारोबारियों, गृहिणियों, कलाकारों व कामगारों को चिंतित होने की जरुरत नहीं है जिन्होंने कुछ नकदी बचाकर घर में रखी हुई है.
अधिया ने कहा कि इस तरह के लोगों को आयकर विभाग की जांच आदि के बारे में चिंतित होने की जरुरत नहीं है. उन्होंने कहा, ‘ऐसे लोगों को 1.5 लाख या दो लाख रुपये तक की छोटी जमाओं को लेकर चिंतित होने की जरुरत नहीं है क्योंकि राशि तो कराधान योग्य आय के दायरे में नहीं आती. इस तरह के छोटी जमाओं वाले खाताधारक आयकर विभाग से किसी तरह के उत्पीड़न की चिंता नहीं करें.’
लोगों द्वारा आभूषण खरीदे जाने के बारे में उन्होंने कहा है कि जवाहरात खरीदने वालों को पैन नंबर देना होगा.
सरकार की यह घोषणा आम आदमी को बड़ा राहत देने वाला फैसला है, जो 500 के बाद सीधे 2000 के नोटों के चलन को लेकर परेशान थे. सरकार के इस फैसले से आम लोगों को विनिमय में आसानी होगी.
उधर, वित्तमंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि जरूरत के मुताबिक बैंकों में मुद्रा जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पुराने नोट के बदले नये नोट उपलब्ध कराने के लिए बैंक शनिवार व रविवार को भी खुले रहेंगे.
आर्थिक संपादकों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए वित्तमंत्री जेटली ने यह बातें कहीं हैं. वित्तमंत्री ने कहा कि छोटी धनराशि जमा कराने वालों को कोई समस्या नहीं होगी. राजस्व विभाग छोटी राशि जमा कराने वाले खातों पर गौर नहीं करेगा.
जेटली ने कहा कि आयकर छूट प्राप्त ढाई लाख रुपये तक की सीमा के भीतर राशि बिना किसी सवाल के जमा कराई जा सकती है. उन्होंने कहा कि बड़ी राशि जमा कराने वालों से पूछताछ हो सकती है.
https://rashtriyadinmaan.com
