
भाजपा की परिवर्तन यात्रा में उमड़ जन सैलाब
लखनऊ | भारतीय जनता पार्टी की परिवर्तन यात्रा सहारनपुर से बिजनौर पहुॅची। यात्रा के दौरान धामपुर में विशाल जनसभा को प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने सम्बोधित किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने बिजनौर की भूमि को नमन करते हुए कहा कि यहीं भरत का जन्म हुआ जिनके नाम पर देश का नाम पड़ा। यहां विदुर जी रहे यह पवित्र भूमि है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रदेश के हालात बहुत खराब है एक परिवार ने प्रदेश की जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। केन्द्र सरकार ने गन्ना किसानों के भुगतान के लिए पैसा भेजा, प्रदेश सरकार किसानों का हक खा गई। 500 व 1000 के नोटों को बंद होने के फैसले से रिश्वत पर रोक लग गई। देश को भ्रष्टाचार मुक्त करने का यह पहला कदम है, इस कदम से बहिन जी को परेशानी हो गई। गरीबों के वोट बेंचकर बहिन जी का हाथी नोट खाकर मोटा हो गया था, अब बहिन जी परेशान है। गन्ना किसानों के लिए केन्द्र सरकार द्वारा भेजी गई रकम का बन्दर-बांट कर लिया, अब गद्दों पर नींद नहीं आ रही । भ्रष्टाचार से कमाए नोट कागज हो गए है। राहुल गांधी लाइन में खडे होकर नाटक कर रहे है। केन्द्र की नीतियों पर सपा सरकार रोड़ा अटका रही है। किसानों को लाभ नहीं मिल पा रहा है।
श्री मौर्य ने कहा कि अब आप लोग भाजपा की सरकार बनाइए, ताकि किसानों को लाभ हो, जवानों को लाभ हो तथा महिलाओं का सम्मान हों। बीजेपी के शासन में गुण्डे जेल में होंगे या प्रदेश की सीमा से बाहर होगे। परिवर्तन यात्राओं में जनसैलाब उमड़ रहा है। जो अधिकारी सपा कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे है वे सुधर जाएं। जनता तय करें कोई भी गुण्डा व भ्रष्टाचारी विधानसभा न पहुॅच पाए।
जनता को सम्बोधित करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापतिराम त्रिपाठी ने कहा कि केन्द्र सरकार की तरह उत्तर प्रदेश में मजबूत सरकार हो, तभी प्रदेश सशक्त होगा, खुशहाल होगा। देश के अन्दर भ्रष्टाचार से लड़ाई हो या सीमाओं की सुरक्षा का मामला हो, बीजेपी की मजबूत सरकार ने भारत को सशक्त करने का काम किया।
जनसभा को केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान, सांसद डाॅ0 यशवन्त सिंह, सांसद भारतेन्दु सिंह, सांसद सत्यपाल सिंह, विधायक लोकेन्द्र सिंह, जिलाध्यक्ष राजीव सिसौंदिया ने भी सम्बोधित किया।
https://rashtriyadinmaan.com
