
लखनऊ,। उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने आज पार्टी में गुटबाजी और चुगलखोरी के खिलाफ आगाह करते हुए युवाओं का आह्वान किया कि आने वाले वक्त में वे ही पार्टी को आगे बढ़ाएंगे, लिहाजा वे अनुशासन में रहें और समाजवादी साहित्य पढ़कर खुद को भविष्य के लिये तैयार करें। यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने अभियान की शुरआत करते हुए गाजीपुर रैली में कहा, ‘‘जहां तक सपा का सवाल है तो उसके सामने बहुत चुनौतियां हैं। ऐसी चुनौतियां हैं कि जिनका कहीं कुछ (प्रभाव) नहीं है, वे कानाफूसी करके पार्टी को कमजोर करना चाहते हैं। हमारे सामने कुछ कहंेगे, पीठ पीछे कुछ कहेंगे।’’
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अनुशासन में रहकर सरकार और संगठन में हो रही गलतियों को उनके या किसी अन्य पदाधिकारी को बतायें। यह उनका अधिकार है लेकिन इसके बावजूद लोग कानाफूसी और चुगलखोरी कर रहे हैं। चुगलखोरों की छवि कभी अच्छी नहीं बनती। सपा मुखिया ने तल्ख लहजे में कहा, ‘‘दिमाग से गुटबाजी निकाल दो। इसके-उसके समर्थक बनने के बजाय समाजवादी पार्टी के बनकर रहो। पहचान हो गयी है कि सपा के शुभचिन्तक कौन हैं और गलत काम करने वालों के शुभचिन्तक कौन हैं। हम जनता पर विश्वास करते हैं कि जनता हमारा साथ देगी। हम पार्टी की एकता चाहते हैं, स्पष्ट बहुमत की सरकार चाहते हैं, यह हमारा लक्ष्य है।’’ उन्होंने कहा कि वह नौजवानों से कई बार कह चुके हैं कि आगे चलकर उन्हें ही पार्टी और सत्ता चलानी है, इसके लिये खुद को तैयार करें। समाजवादी साहित्य पढ़ें और उसकी नीतियों को समझें।
मुलायम के भाषण से पहले रैली स्थल पर सपा कार्यकर्ताओं के दो गुटों में तीखी झड़प और धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर कुर्सियां भी फेंकीं। बहरहाल, पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत किया। मुलायम सिंह यादव ने कहा कि ऐसे अवसर पर यह सभा हो रही है, जब चुनाव नजदीक है। कुछ लोग चाहते थे कि सपा कमजोर हो जाए लेकिन गाजीपुर और आसपास के जिलों की जनता ने साबित कर दिया है कि सपा का कोई मुकाबला नहीं कर सकता। सपा सरकार गरीबों, किसानों और व्यापारियों के लिये काम कर रही है। इस ऐतिहासिक सभा से संकल्प लेकर जाओ कि सपा दोबारा भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। अतीत के पन्ने पलटते हुए सपा मुखिया ने कहा कि समाजवादियों के लिये गाजीपुर ऐतिहासिक जगह है। कम लोग ही जानते होंगे कि सोशलिस्ट पार्टी की स्थापना गाजीपुर में ही हुई थी।
सपा मुखिया ने पूर्वांचल के कई जिलों में राजनीतिक प्रभाव रखने वाले पार्टी नेता अफजाल अंसारी और उनके विधायक भाई मुफ्तार का जिक्र करते हुए कहा कि उनके सपा में आने से पार्टी मजबूत हुई है और सपा आगामी विधानसभा चुनाव में पूर्वांचल में जोरदार कामयाबी हासिल करेगी। उन्होंने कहा, ‘‘अफजाल अंसारी और दोनों भाई ऐसे वक्त सपा में शामिल हुए हैं, जिससे पार्टी मजबूत हुई। हालांकि इसके लेकर पार्टी के कुछ लोगों ने विरोध किया लेकिन शिवपाल ने सहयोग किया और हमने अंसारी बंधुओं को पार्टी में शामिल करा लिया। अब इन दोनों भाइयों की मदद से सपा को पूर्वांचल में जोरदार कामयाबी मिलेगी।’’ मुलायम ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रामनरेश यादव के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनके साथ अपने सौहार्दपूर्ण संबंधों का जिक्र भी किया। सपा के हालिया विवाद की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में अब बन्द होना चाहिए कौन किसका समर्थक है कौन किसका विरोधी है। गुटबाजी हर हाल में बन्द होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि तमाम विरोधों के बावजूद शिवपाल ने कौमी एकता दल (कौएद) का सपा में विलय कराया। कौएद के अध्यक्ष अफजाल अंसारी और उनके भाईयों की वजह से पूरब में पार्टी मजबूत हुई है। उन्होंने स्वीकार किया कि कौमी एकता दल का यदि विलय न होता तो पूरब में विधानसभा की कई सीटो पर सपा कमजोर रहती क्योंकि चार-पांच हजार वोट काट कर कौमी एकता दल सपा प्रत्याशियों के सामने परेशानी खड़ा कर सकता था। उन्होंने नौजवानों से कहा कि आगे पार्टी उन्हें ही चलानी है। अनुशासित रहेंगे तभी पार्टी को मजबूत हो सकेगी और सूबे में फिर से सपा सरकार सत्ता में आयेगी। उन्होंने पार्टी के विस्तार पर भी जोर दिया और कहा कि नेताओं को उत्तर प्रदेश से बाहर भी दौरे करने चाहिए। उन्होंने कर्नाटक में भी पार्टी खडी कर दी थी।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने नोटबंदी की आलोचना की और कहा कि इससे गरीब मारा मारा फिर रहा है। सहकारी बैंको की कथित उपेक्षा से किसान परेशान हुआ है। सभा में शिवपाल यादव के पुत्र और प्रावेन्शियल कोआपरेटिव फेडरेशन (पीसीएफ) के अध्यक्ष आदित्य यादव भी मौजूद थे। सभा में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नहीं आना चर्चा में रहा। मंच पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के साथ अफजाल अंसारी भी मौजूद थे। नोटबंदी को लेकर मुलायम सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से किसान, व्यापारी सहित आज पूरा देश परेशान है। केंद्र सरकार को चेताते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मनमानी नहीं चलेगी। देेश की जनता काफी समझदार है, वह सब समझ रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि आज देश के हालात चुनौती भरे हैं। अखबार में देखा कि सीमा पर क्घ्या हो रहा है। हमारे जवान मुकाबला भी कर रहे हैं और शहीद भी हो रहे हैं। जब पूरा देश केंद्र सरकार को सपोर्ट कर रहा है तो पाक की इतनी हिम्घ्मत कैसे हो रही है। पाक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। देश की सुरक्षा के मामले में पूरा देश एक है, लेकिन पीएम की क्घ्या सोच है, इस बारे में हमें पता नहीं है।
https://rashtriyadinmaan.com
