
लखनऊ, । कांग्रेस पार्टी ने केन्द्र की मोदी सरकार पर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। प्रदेश की जनता को आगामी चुनाव के संदर्भ में प्रदेश और केन्द्र सरकारों द्वारा लगातार प्रलोभन देने का प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में केन्द्र सरकार रोज नये-नये ढंग से राहत के नाम पर नोटबन्दी की समस्या के समाधान पर दिग्भ्रमित करने का काम कर रही है।
उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता संजीव पाठक ने कहा कि ने कहा कि राहत के नाम पर परिवहन के साथ-साथ खेती के लिए दिया जाने वाला पेट्रोल-डीजल पुरानी मुद्रा पर उपलब्ध कराने के वादे को एक बार फिर से केन्द्र सरकार द्वारा 02 दिसम्बर तक सीमित कर दिया गया, जिसके परिणाम स्वरूप किसानों समेत पूरे देश व प्रदेश की जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। रोज राहत के फरमान जारी करना और उन्हें वापस लेने से भारत सरकार की विश्वस्नीयता संदिग्ध हो चुकी है और जो शांति व्यवस्था के लिए आने वाले समय में खतरे का संकेत है।प्रदेश में ए0टी0एम0 व बैंकों में तोड़-फोड़ से अराजकता का माहौल बढ़ता जा रहा है। मुद्रा की समुचित उपलब्धता न होने के कारण प्रदेश के अधिकांश बैंकों में ‘‘कैश उपलब्ध नहीं’’ का बोर्ड लगा रखा है, जिससे आम नागरिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
श्री पाठक ने कहा कि इधर प्रदेश सरकार चुनावी हड़बड़ी में आने वाले 2-3 महीनों बाद जनता के लिए उपलब्ध होने वाले निर्माण कार्यो का आधा-अधूरा लोकार्पण कर अपने हाथों खुद ताली बजाने के कार्य में व्यस्त है। श्री पाठक ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकारों द्वारा जनता को नादान समझते हुए जिस तरह की अव्यवस्था फैलाई जा रही है उसका इन दलों को 2017 के चुनाव में खामियाजा अवश्य भुगतना पड़ेगा।
श्री पाठक ने केन्द्र एवं प्रदेश सरकार से मांग की है कि वे जनता की समस्याओं को देखते हुए इनके हल के लिए कोई ठोस कदम उठायें अन्यथा कंाग्रेस पार्टी को मजबूर हो कर जनता की समस्याओं के समाधान हेतु सड़कों पर उतरना पड़ेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी केन्द्र एवं प्रदेश सरकारों की होगी।
https://rashtriyadinmaan.com
