
लखनऊ,। उत्तर प्रदेश की सत्तारुढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) अपने करीब 40 वर्तमान विधायकों का टिकट काट सकती है। इसमें कुछ मंत्रियों के भी नाम शामिल हैं। पार्टी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के बाद इसका ऐलान करेगी।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को संकेत दिया कि पार्टी नेतृत्व करीब 40 वर्तमान विधायकों, जिनमें कुछ मंत्रियों के भी नाम हैं, उनका टिकट काटने जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अब तक 165 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। मौजूदा विधायकों के बारे में विचार चल रहा है।
सपा कार्यालय पर एक बैठक के बाद शिवपाल ने कहा कि पार्टी विधानसभा चुनाव में टिकट उसी को देगी जो जिताऊ होगा और पार्टी के प्रति निष्ठावान होगा। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण कोर कमेटी की राय और सहमति से ही किया जायेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी उन्हीं नेताओं को चुनाव मैदान में उतारेगी जिनकी साफ स्वच्छ छवि होगी। शिवपाल ने दावा किया कि उनकी पार्टी चुनाव के बाद प्रदेश में फिर से सरकार बनायेगी।
सपा सूत्रों की माने तो पार्टी नेतृत्व ने चुनाव के मद्देनजर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों का सर्वे कराया है। इसमें पार्टी के 40 से अधिक वर्तमान विधायकों के खिलाफ रिपोर्ट आयी है। सूत्र बताते हैं कि यह रिपोर्ट कई मंत्रियों के भी खिलाफ है। ऐसे में सपा के करीब 40 वर्तमान विधायकों और मंत्रियों के टिकट पर खतरा मंडराने लगा है। सूत्रों को कहना है कि पार्टी इस निर्णय का ऐलान अभी नहीं करेगी। पार्टी नेतृत्व को लगता है कि फैसले का अभी ऐलान करने पर विधायक और मंत्री पाला बदलकर दूसरे दलों में जा सकते हैं।
बताया जा रहा है कि वर्तमान विधानसभा का शीतकालीन सत्र 21 या 22 दिसंबर से होना है, जो जनवरी के प्रथम सप्ताह तक चलेगा।सत्र के बाद ही सपा बाकी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। इसी दौरान खराब रिपोर्ट कार्ड वाले विधायकों और मंत्रियों की उम्मीदवारी खत्म करने का भी ऐलान होगा।
https://rashtriyadinmaan.com
