PM. मोदी ने गरीब, किसान और महिला को दिया नववर्ष का तोहफा, बेइमान को दी चेतावनी


 

2017_1largeimg01_jan_2017_100915152

 

नयी दिल्ली : नोटबंदी से परेशान लोगों को सुकून पहुंचाने का प्रयास करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार रात ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के गरीबों, मध्यम वर्ग, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई योजनाओं की घोषणा की और साथ ही चेतावनी दी कि बेईमानों के खिलाफ कानून पूरी ताकत से कार्रवाई करेगा. पांच सौ रुपये और 1000 रुपये के नोटों को अमान्य करने की आश्चर्यजनक घोषणा के 50 दिन पूरे होने पर राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री ने हालांकि बैंकों में राशि निकालने पर लगायी गए रोक हटाने के लिए कोई खाका पेश नहीं किया लेकिन यह स्पष्ट कर दिया कि नये वर्ष में उनका पूरा जोर जितनी जल्दी हो सके सामान्य स्थिति बहाल करने पर होगा.

उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि कालाधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ लडाई को रोका या धीमा नहीं किया जायेगा. एक तरह से मिनी बजट जैसे दिखने वाले संबोधन में प्रधानमंत्री ने ग्रामीण क्षेत्र में आवास योजना के तहत दो नई योजनाओं की घोषणा की. उन्होंने कहा कि देश में काफी संख्या में ऐसे लोग हैं जिनके पास अपना घर नहीं है. गरीब, निम्न मध्यम वर्ग, मध्यम वर्ग के लोग घर खरीद सकें, इसके लिए सरकार दो योजनाएं लाने जा रही है.

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नये साल में मकान के लिये कर्ज लेने वालों को चार प्रतिशत तक की ब्याज सब्सिडी देने की घोषणा की. इस पहल का मकसद नोटबंदी के बाद गांवों और शहरों में आवास क्षेत्र को गति देना है. नये साल की पूर्व संध्या पर राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में मोदी ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में 33 प्रतिशत और मकान बनाये जाएंगे.

इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में नौ लाख रुपये तक के आवास ऋण पर चार प्रतिशत तथा 12 लाख रुपये तक के कर्ज पर तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी. वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में दो लाख रुपये तक के आवास ऋण पर तीन प्रतिशत ब्याज सब्सिडी मिलेगी.

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी के बाद 50 दिन के दौरान बैंक कर्मचारियों के कामकाज की आज सराहना की. उन्होंने उनसे यथाशीघ्र स्थिति समान्य बनाने पर ध्यान देने और गरीब तथा निम्न मध्यम वर्ग को कर्ज में प्राथमिकता देने को कहा. उन्होंने कहा, ‘‘मेरा प्रयास है कि जितनी जल्दी हो नये साल में बैंक प्रणाली को सामान्य बनाया जाए. मैंने सरकार में सभी संबद्ध अधिकारियों से इस कार्य पर अपना ध्यान देने को कहा है.’

नये वर्ष की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने बैंकों से खासकर ग्रामीण तथा दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिये सक्रियता से काम करने को कहा ताकि किसानों और ग्रामीणों की कठिनाइयों को दूर किया जा सके.


Scroll To Top
Translate »