साक्षी महाराज के खिलाफ मामला दर्ज, भाजपा ने पल्‍ला झाड़ा


 

 

2017_1largeimg07_jan_2017_185455918

मेरठ: भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने एक बार फिर अपने बयान से भारतीय जनता पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है. साक्षी महाराज ने देश में बढ़ती जनसंख्या के लिए मुस्लिमों को जिम्मेदार ठहराया है. साक्षी के बयान पर विवाद बढ़ने के साथ ही उनपर मामला दर्ज भी करा दिया गया है.

साक्षी के भड़काऊ बयान पर मेरठ के सदर थाना में मामला दर्ज कराया गया है. भाजपा सांसद ने यह बयान ऐसे समय में दिया है जब उच्चतम न्यायालय हाल ही में स्पष्ट कर चुका है कि कोई भी व्यक्ति धर्म या जाति के नाम पर वोट नहीं मांग सकता.

‘संत सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए साक्षी ने कहा था, ‘‘देश में बढ़ती जनसंख्या के लिए चार पत्नियों और 40 बच्चों वाले लोग जिम्मेदार हैं. जनसंख्या में बढ़ोत्तरी के लिए हिंदू जिम्मेदार नहीं हैं.” उन्नाव से लोकसभा सांसद साक्षी ने कहा, ‘‘यदि हम जनसंख्या पर वाकई लगाम लगाना चाहते हैं तो इस देश में सख्त कानून की जरुरत है. पार्टियों को राजनीति से उपर उठकर देशहित में फैसला लेने की जरुरत है.”
साक्षी ने बाद में स्पष्ट किया कि वह भाजपा के किसी कार्यक्रम में नहीं बोल रहे थे. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कहा था कि भारत की जनसंख्या करीब 132 करोड़ है. भारत का भू-क्षेत्र नहीं बढ़ रहा लेकिन जनसंख्या बढ़ती जा रही है. हमें इस समस्या को रोकना होगा.” साक्षी ने कहा, ‘‘हमें महिलाओं का सम्मान करना चाहिए. मैंने कहा था कि महिला कोई मशीन नहीं है, लिहाजा 4 पत्नियां, 40 बच्चे और तीन तलाक अब बर्दाश्त नहीं किए जा सकते. हमें तय करने की जरुरत है कि हमें एक, दो, तीन या चार बच्चे पैदा करने चाहिए. लेकिन हमें अब यह तय करने की जरुरत है.” साक्षी के बयान की विपक्षी पार्टियों ने आलोचना की, जबकि चुनाव आयोग ने उनकी विवादित टिप्पणियों के बाबत मेरठ के जिला प्रशासन से रिपोर्ट तलब की है.
 
साक्षी की टिप्पणियों पर भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा, ‘‘मैंने उनका बयान नहीं देखा है, लेकिन हम सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं…..देश कानून से चलता है, संविधान से चलता है, डंडों से नहीं चलता.” नकवी ने कहा, ‘‘ऐसे बयान या राय…..न तो भाजपा के हैं और न ही सरकार के हैं. ऐसे बयानों से हमारा कोई लेना-देना नहीं.”
 
साक्षी के बयान की निंदा करते हुए जदयू नेता के सी त्यागी ने कहा कि यह राजनीति में धर्म के इस्तेमाल से जुड़े शीर्ष न्यायालय के दिशानिर्देश का पहला बड़ा उल्लंघन है. त्यागी ने कहा, ‘‘हाल ही में उच्चतम न्यायालय और चुनाव आयोग ने आदर्श आचार संहिता के लिए कुछ दिशानिर्देश दिए थे, जिसमें धर्म, जाति और भाषा का इस्तेमाल नहीं करना भी शामिल था. यह किसी राजनीतिक पार्टी, जो भाजपा है, और उसके सांसद की ओर से किया गया यह पहला बडा उल्लंघन है. अब पार्टी के साथ-साथ चुनाव आयोग की ओर से साक्षी महाराज के खिलाफ कार्रवाई जरुर की जानी चाहिए.”
जदयू नेता ने कहा, ‘‘वे समाज के एक तबके के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं. एक तबके को दूसरे तबके के खिलाफ उकसाया जा रहा है और यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है. और यह एक आपराधिक कृत्य है.” कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सी मित्तल ने कहा कि साक्षी महाराज का भाषण ‘‘अपमानजनक” है, क्योंकि यह जाति एवं धर्म पर आधारित और उच्चतम न्यायालय के हालिया फैसले के खिलाफ है. उन्होंने कहा, ‘‘यह आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है और कांग्रेस चुनाव आयोग में उनके खिलाफ आधिकारिक तौर पर शिकायत दाखिल करने जा रही है.”

Scroll To Top
Translate »