
लखनऊ. होटल ताज में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन का एलान किया गया. समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने गठबन्धन का किया एलान. समाजवादी पार्टी 298 सीटों पर और कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लडेगी.समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी 298 और कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. अखिलेश यादव ही उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे और अगली सरकार में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी मिलकर प्रदेश का विकास करेंगे.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि साम्प्रदायिक शक्तियों को हराने और उत्तर प्रदेश की भलाई के लिये समाजवादी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़ेगी. राजबब्बर ने कहा कि दोनों दल मिलकर भाजपा के साम्प्रदायिक और धार्मिक आधार पर वोटों के ध्रुवीकरण को रोकेंगी.राजबब्बर ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सकारात्मक कार्यों और राहुल गांधी की सकारात्मक सोच की वजह से यह गठबंधन हो रहा है. यह गठबंधन शासन-प्रशासन को पारदर्शी बनाएगा. मजदूरों और असंगठित लोगों की मुसीबत को दूर करेगा.
उन्होंने कहा कि भाजपा ने गरीबों और किसानों को मुसीबत में डाल दिया है. यह गठबंधन लोगों को इन्साफ दिलाने का काम करेगा. राजबब्बर ने कहा कि यह गठबंधन उत्तर प्रदेश को पुनरुत्थान के रास्ते पर ले जाएगा.
https://rashtriyadinmaan.com
