
यूपी में डिम्पल और प्रियंका से नहीं मुद्दों से फर्क पड़ेगा-स्मृति ईरानी
लखनऊ,। केन्द्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता स्मृति ईरानी ने कहा है किअखिलेश शासनकाल में बलात्कार के मामलों में 161 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यूपी विधानसभा चुनाव में डिम्पल यादव और प्रियंका गांधी से नहीं मुद्दों से फर्क पडे़गा। भाई आगे आये या बहन आए, यह मुद्दा नहीं है। 50 फीसदी आबादी चाहती है कि राजनीति में मुद्दों के आधार पर जवाब दिया जाए। वहीं उन्होंने अपनी पार्टी के सांसद विनय कटियार द्वारा प्रियंका गांधी के भाजपा की महिला नेताओं से ज्यादा खूबसूरत नहीं होेने सम्बन्धी बयान पर कहा कि राजनीति में महिलाओं का सम्मान सर्वोच्च है। उनकी इज्ज़त की जानी चाहिए। इसलिए कोई भी नेता हो, उसे ऐसे बयान नहीं देने चाहिए।
स्मृति ईरानी यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहीं थीं। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबन्धन को लेकर कहा कि दोनों राजनैतिक दल सिर्फ सत्ता में आने के लिए एकजुट हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर बहन-बेटियों के लिये 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाये जायेंगे। 1000 महिला अधिकारियों का विशेष जांच विभाग बनाया जायेगा। इसके अलावा गरीब परिवार में बेटी के जन्म पर 50 हजार रूपए का बाण्ड दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि बेटी जब 21 साल की हो जाएगी तो 2 लाख रुपए की राशि दी जाएगी।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि महिलाओं के गाथाओं को गाने वाले उ.प्र. में महिला थाने में शिकायत करने जाती है तो उसके साथ बलात्कार होता है। बेटियों को लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है। वहीं लक्ष्मी सरस्वती के मंदिर में जाने से हिचकिचाती है क्यों कि लड़के उसे परेशान करते है। उन्होंने कहा क प्रदेश के हर जिले में 3 महिला पुलिस स्टेशन स्थापित किये जायेंगे। कालेज जाते समय छात्राओं की छेड़खानी से निपटने के लिए हर कालेज के नजदीकी पुलिस थाने में एंटी रोमियो दल बनाया जायेगा। आज 1090 का तो यह हाल है कि अखबारो में खबर है कि लड़कियों के नम्बर बेचे जा रहे है।केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार ने यूपी को 900 करोड़ स्वच्छता के लिए दिए, लेकिन अखिलेश सरकार महज 40 करोड़ ही खर्च कर पायी।
उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यूपी में हर दूसरा बच्चा कुपोषित है। अखिलेश सरकार 7000 खर्च नहीं कर पायी। प्रदेश में 50 गर्भवती महिलाएं एनीमिया से पीड़ित हैं, लेकिन इस पर भी महज पांच प्रतिशत धनराशि खर्च की गई। इसके अलावा आशा बहुओं के विषय पर भी अखिलेश सरकार ने कोई जवाब नहीं दिया है।स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना को पूरे प्रदेश में लागू किया जायेगा। बेटी के कक्षा छह में पहुंचने पर तीन हजार, कक्षा आठ में पहुंचने पर पांच हजार और कक्षा दस में पहुंचने पर सात हजार हजार और कक्षा बारह में पहुंचने पर आठ हजार दिए जायेंगे। अहिल्याबाई योजना शुरू की जायेगी।समाजवादी पेंशन पर सपा-बसपा को घेरते हुए उन्होंने कहा कि सपा-बसपा सरकार ने विधवा महिलाओं की सुध नहीं ली। विधवा बहनें को पेंशन प्राप्त नहीं हो रही है। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में विधवा बहनों के लिए उम्र की सीमा को समाप्त किया और इसे बढ़ाकर एक हजार कर दिया है।
उन्होंने सपा सरकार पर पिछले चुनाव में किए वादे पूरे नहीं करने का भी आरोप लगाया।केन्द्रीय मंत्री ने अमेठी में सपा और कांग्रेस के बीच चल रही कशमकश को लेकर कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्री गायत्री प्रजापति कह चुके हैं कि उन्होंने वर्ष 2014 में राहुल गांधी को अमेठी से चुनाव जिताया था, इसलिए इस बार वह मेरा प्रचार करें। स्मृति ने कहा कि गायत्री ने तब राहुल गांधी को जिताया जब कांग्रेस कई घोटालों के आरोपों से जूझ रही थी। ऐसे में जनता खुद फैसला करें।
https://rashtriyadinmaan.com
