
गाजियाबाद: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज अखिलेश यादव सरकार पर हमला तेज करते हुए आरोप लगाया कि वह अपराध और भ्रष्टाचार को ‘‘संरक्षण’’ तथा ‘‘बढ़ावा’’ दे रही है और जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में आगामी चुनाव 14 साल पुराना ‘‘विकास का वनवास’’ खत्म कर देंगे। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार बंद होने से एक दिन पहले आज यहां ‘परिवर्तन संकल्प रैली’ को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि अखिलेश ने उनसे ज्यादा आशा रखने वालों को निराश किया है और पिछले पांच सालों में राज्य का ‘‘विनाश’’ कर दिया है। उन्होंने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी एक ‘‘डूबती नैया’’ पर सवार हो गयी है।
उन्होंने कहा कि मैं नेता जी (मुलायम सिंह) का आदर करता हूं। चाचा, पापा और भाइयों के साथ क्या हुआ आप सभी जानते हैं। ‘नीयत साफ हो तो उत्तर प्रदेश देश को उत्तम प्रदेश बनाया जा सकता है। जिस विश्वास के साथ जनता ने अखिलेश को कुर्सी पर बैठाया है, उन्हें उनके बीच जाकर जवाब देना चाहिए। आप बतायें उप्र में जनता के लिए क्या किया गया। अभी हिसाब लेने का समय आप का है। वर्ष 2019 के चुनाव में मोदी हिसाब देगा।’
प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच सालों में विकास, कानून व्यवस्था, शिक्षा या लोगों की सुरक्षा की जगह केवल विनाश ही हुआ। गुंडाराज कायम हुआ, भू-माफियाओं का वर्चस्व बढ़ा। शाम को मां-बेटी अकेले घर से बाहर नहीं निकल सकतीं। 40 हजार से अधिक अपराध की शिकायतें दर्ज हैं। उनके संरक्षण में भू-माफिया लोगों के जमीनों पर कजा कर रहे हैं। प्रदेश में बिल्डरों ने जनता को लूटा। अपराधियों ने क्षेत्र बांट लिये। भाजपा की सरकार बनी तो भ्रष्टाचार करने वाले बिल्डर जेल जायेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में कानून व्यवस्था बेहतर थी। कल्याण सिंह हों या राजनाथ सिंह इनके शासनकाल में अपराधी या तो जेल के भीतर थे या प्रदेश छोड़कर फरार हो गये थे। इरादे नेक हों तो उत्तर प्रदेश में अच्छे काम हो सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश में योग्य व्यक्तियों को रोजगार नहीं मिल रहा है। साक्षात्कार के बहाने कालेधन की कमाई हो रही है। नौकरी में एक नौजवान का मात्र 30 सेकेण्ड में साक्षात्कार लिया जाता है। आज प्रदेश में योग्यता के आधार पर नौकरी मिलने की कोई गारण्टी नहीं है। लोगों में राजनीति और जातिवाद का जहर घोल दिया गया है।
मोदी ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार आयी तो केवल लिखित परीक्षा के आधार पर योग्य छात्रों को नौकरी दी जायेगी और साक्षात्कार की कोई व्यवस्था नहीं होगी। देश को भ्रष्टाचार ने दीमक की तरह बर्बाद कर दिया है। इसे ठीक करना जरूरी है। जिनके कारण भ्रष्टाचार आया है उन्हें मिटाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा ने प्रदेश को डुबोया जबकि कांग्रेस ने देश का डूबो दिया। अखिलेश यादव कांग्रेस के डूबती नाव में सवार हो गये हैं। भाजपा के घोषणा पत्र में जो भी दर्ज है वह संकल्प पत्र है। भाजपा के सत्ता में आने पर लोगों को बेहतर कानून व्यवस्था, रोजगार के अवसर, योग्यता के आधार पर नौकरी आदि के वायदे पूरे किये जायेंगे। उन्होंने पार्टी की राज्य में सत्ता आने पर बुजुर्गों को दवाई, किसानों को कमाई, छात्रों को पढाई और बेरोजगारों को रोजगार की व्यवस्था करने का वायदा किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों के साथ भी धोखा किया। उन्होंने केवल 14 प्रतिशत ही किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिया है। भाजपा सत्ता में आने के बाद किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से गरीबों के उत्थान के लिए सूची मांगी है। इसके लिए वह अतिरिक्त 750 करोड़ रुपया देने को तैयार हैं लेकिन सरकार स्वार्थ, राजनीति और जातिवाद के कारण गरीबों की सूची नहीं दे रही है।
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की जांच सीएजी से कराने की बात पर राज्य सरकार मुकर रही है क्योंकि घोटाला हुआ है इसलिये जांच की मांग नजरंदाज किया जा रहा है। भाजपा की सरकार आने पर उसकी जांच करायी जायेगी। छोटे व्यापारियों को डरने की कोई जरूरत नहीं है लेकिन बड़ों को छोडूंगा नहीं। छोटे किसानों के कर्ज माफ किये जायेंगे। मोदी ने अन्त में लोगों से कहा कि यह लड़ाई विकास और विनाश के बीच है। प्रदेश का भाग्य बदलना है तो भाजपा की सरकार को सत्ता में लायें।
रामायण के प्रसंग का उदाहरण लेते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह चुनाव नयी सरकार चुनने के लिए हो रहा है या नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए? यह चुनाव उत्तर प्रदेश में विकास के 14 वर्षों का वनवास खत्म करने वाला है और उसके स्थान पर विकास तथा समृद्धि आने वाली है।’’ अपने करीब 45 मिनट के संबोधन में प्रदेश के वाराणसी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले मोदी ने कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न पहलूओं को लेकर अखिलेश सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा की गयी ‘‘गलतियों को सुधारने’’ का भी वादा किया। उन्होंने कहा, ‘‘जब अखिलेश आए, हमें लगा कि वह युवा और शिक्षित हैं और कुछ अच्छा करने का प्रयास करेंगे। पर निराश कर दिया, पांच सालों के अंदर उत्तर प्रदेश का विनाश कर दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वे मुझपर हमला करते रहते हैं, आरोप लगाते हैं कि मैंने वादे पूरे नहीं किए। मैं आपको बताता हूं, मैं 2019 में जनता को जवाब दूंगा, लेकिन अखिलेश सरकार को जनता को जवाब देना चाहिए क्योंकि वह पिछले पांच वर्षों से राज कर रही है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘यदि आप उत्तर प्रदेश में जवाब नहीं देंगे, तो उसे उत्तम प्रदेश कौन बनाएगा।’’
https://rashtriyadinmaan.com
