यूपी: पहले चरण के 73 सीटों के लिए चुनाव खत्म, 63% वोटिंग


up-voting1486795714_big

लखनऊ|   यूपी में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बंपर वोटिंग हुई है। पहले चरण में 73 सीटों के लिए वोट डाले गए। सुबह 8 बजे वोटिंग शुरू होने के बाद कई मतदान केंद्रों पर वोटर्स की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिली। चुनाव आयोग के अनुसार शुरुआती आंकड़ों में 63% वोटिंग हुई है। शाम 5 बजे तक जो मतदाता मतदान केंद्रों पर कतारों में लग चुके थे, उन्हें वोट देने दिया जा रहा है। 2012 के विधानसभा चुनाव में इन सीटों पर 59 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।

दोपहर 3 बजे तक सबसे ज्यादा वोटिंग दादरी में हुई, जहां 56 प्रतिशत वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके थे। दोपहर 3 बजे तक मुजफ्फरनगर और शामली में 54-54 प्रतिशत, मेरठ में 55, जेवर में 51, टूंडला में 53 और अलीगढ़ में 51, हाथरस में 50 प्रतिशत वोटिंग हुई। पहले चरण में जिन क्षेत्रों में वोट डाले गए, वहां के कई मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हुए थे। बात चाहे बुलंदशहर रेपकांड की हो या मथुरा के जवाहरबाग कांड की, या दादरी के बिसाहड़ा में गोहत्या के शक में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर मार डाले गए इखलाक की, ये सभी मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहे थे। इसके अलावा कैराना से हिंदुओं के कथित पलायन का मुद्दा पर सुर्खियों में रहा था।

पहले चरण के तहत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 15 जिलों की 73 सीटों के लिए वोट डाले गए। जिन जिलों में वोटिंग हुईं वे हैं- शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, एटा और कासगंज। पहले चरण में कुल 839 प्रत्याशी मैदान में थे जिनमें महिला उम्मीदवारों की तादाद 77 है। वोटिंग के लिए 14,514 मतदान केंद्र बनाए गए थे।


Scroll To Top
Translate »