
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को सपा प्रत्याशी प्रो. अभिषेक मिश्रा के लिए लखनऊ में कपूरथला चौराहे पर जनसभा संबोधित किया. इस दौरान उनके साथ अनुराग भदौरिया और डिंपल यादव भी मौजूद रहे. अखिलेश यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, समाजवादी लोगों ने काम करके जमीन पर उतारा है. देश और दुनिया में सबसे जल्दी लखनऊ में मेट्रो बनी है. एक बार कोई एक्सप्रेस वे जो चल लेगा वो बिना साइकिल का बटन दबाये नही रह पायेगा.100 साल बाद लाल वाले पक्का पुल के पास समाजवादी पार्टी ने नया पुल बना दिया है.
उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि, ये लोग हमारे गठबंधन से भी घबराने लगे हैं, लोग कहते हैं कि दो कुनबों का गठबंधन हुआ है, लेकिन ये दो युवा नेताओं का गठबंधन है. नोटबंदी पर बीजेपी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि, बीजेपी ने सभी लोगों को लाइन में लगा दिया. पैसा काला और सफ़ेद नही होता, काला सफ़ेद हमारा और आपका लेनदेन होता है. इससे पहले कन्नौज में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी में सपा सरकार ने सबसे ज्यादा काम किया है. प्रथम चरण के मतदान के बाद बीजेपी का ब्लड़ प्रेशर बड़ गया.
सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि देश की राजनीति और उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए ये चुनाव बहुत महत्वपूर्ण हैं. बता दें कि, उत्तर प्रदेश विधानसभा के दूसरे चरण का मतदान 15 फरवरी को सुबह 7 बजे से शुरू हो जायेगा. 11 जिलों की 67 विधानसभा सीटों के लिये होने वाले चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. दूसरे चरण में 2 करोड़ 28 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. वहीँ पहले चरण में वेस्ट यूपी में लोगों ने वोटिंग के प्रति जबरजस्त उत्साह दिखाते हुए रिकॉर्ड 64.22 फीसदी मतदान किया.
https://rashtriyadinmaan.com
