बाराबंकी में बोले पीएम मोदी, यूपी में चलता है कट्टा राज और सबसे ज्यादा राजनीतिक हत्याएं


 

pm-pic1487232763_big

lucknow | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को बाराबंकी में रैली के दौरान कहा कि यूपी में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में तेज आंधी चल रही है। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां भी प्रचार करने के लिए वहां सपा, कांग्रेस और बसपा के प्रति लोगों में भयंकर नफरत का माहौल नजर आ रहा है। अखिलेश यादव ने थानों को सपा का कार्यालय बना दिया है।पीएम ने सपा के नारे काम बोलता है पर तंज कसते हुए कहा यूपी में कट्टा राज चलता है |

प्रधानमंत्री मोदी बाराबंकी सदर के पल्हरी क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सपा पर हमला करते हुए कहा कि अखिलेश जी पांच साल पहले यूपी की जनता ने पलक पावड़े बिछाकर आपका स्‍वागत किया था। आपकी उम्र छोटी थी और यहां के नौजवानों को उम्‍मीद थी कि आप उनकी भलाई के लिए काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि 11 मार्च के बाद जनता जब आपको घर भेज देगी तो बैठ कर हिसाब लगाइयेगा कि पांच साल में आपने इन लोगों की भलाई के लिए क्‍या काम किये। हाल यह है कि शिक्षकों के 50 प्रतिशत पद खाली पड़े हैं। ऐसे में गरीबों के बच्‍चे पढ़ने के लिए कहां जाएं।

 

इससे पहले उन्‍होंने भारत माता की जय का उद्घोष और बाबा लोधेश्‍वर की धरती को प्रणाम कर जनता का अभिवादन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने मंच पर जिले की सभी सीटों से चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रत्‍याशियों को मंच पर बुला कर भीड़ से रूबरू कराया।

इससे पहले भक्त प्रहलाद की जन्म भूमि हरदोई में चुनावी सभा में पीएम नरेंद्र मोदी के निशाने पर सिर्फ सपा और अखिलेश का नारा काम बोलता ही रहा। सीएसएन डिग्री कॉलेज के ग्राउंड में युवाओं की भीड़ से रिश्ता गांठते हुए उन्होंने सबसे पहले बेरोजगारी का मुद्दा उठा। फिर किसानों और बुनकरों के दर्द साझा किए। उन्होंने कहा कि जिस यूपी ने मुझे गोद लिया है, जो मेरा माई बाप है, मैं वादा करता हूं कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट मीटिंग में किसानों के कर्ज के माफी का फैसला होगा।

पीएम मोदी ने कहा कि यूपी के नौजवानों को रोजगार मिल गया तो समझो गरीबी गई। यहां जो 70 सालों में नहीं हुआ वह अब होगा। चाहे वह कांग्रेस रही हो या फिर सपा-बसपा। यूपी का विकास कैसे हो इस पर कभी सोचा नहीं गया। जो भी आया वोट बैंक संभालने में लगा रहा। यूपी में काम नहीं सिर्फ अपराध बोलता है, इसलिए यूपी को सपा-बसपा के चक्कर से मुक्त किए बिना यहां का भाग्य नहीं बदलेगा।

पीएम ने मेहनतकश किसानों और हुनरमंद कालीन कारीगरों को सलाम किया। कहा कि यूपी में गंगा-जमुना की धरती, उपजाऊ भूमि और सामर्थ है फिर भी गरीबी जाने का नाम नहीं ले रही। न तो यहां के लोगों में कमी है, न पैसों का संकट है, न संसाधन कम हैं। सामर्थ और संकल्प भी है। कमी है तो यहां की सरकारों के इरादों में। मोदी ने कहा कि यूपी ने मुझे इतनी ताकत दी कि देश में स्थिर सरकार मिली। एक गरीब मां का बेटा देश का पीएम बन सका।

उन्होंने भगवान कृष्ण यूपी की धरती में पैदा हुए और गुजरात में कर्मभूमि बनाई। मैंने गुजरात में जन्म दिया और मुझे यूपी ने गोद लिया है। यह मेरी कर्मभूमि है, मेरा माई-बाप है। मैं ऐसा बेटा नहीं हूं, जो यूपी छोड़ दूं। गोद लिया बेटा भी माई-बाप की चिंता करेगा और यहां की स्थित बदलने का कर्तव्य निभाएगा। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि यूपी में भाजपा की सरकार बनाएं। मैं विश्वास दिलाता हूं कि पांच साल के भीतर जिन समस्याओं से आप जूझ रहे हैं उसके रास्ते खोजकर दे दूंगा।

 

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर प्रश्न चिन्ह लगाते हुए पीएम ने सपा के नारे काम बोलता है पर तंज कसते हुए कहा यूपी में कट्टा राज चलता है। प्रदेश में अगर शांति व्यवस्था कायम रखनी है तो कानून व्यवस्था का जिम्मेदारी से पालन होना चाहिए। इसमें राजनित नहीं होनी चाहिए। देश में सबसे ज्यादा राजनीतिक हत्याएं यूपी में होती हैं। अब ये उनका काम बोलता है या कारनामा। लोकतंत्र में अगर उन्हें लगता है कि कोई उभर रहा है तो उसका पत्ता साफ हो जाता है। क्या यह लोकतंत्र है। सरकारें आएंगी और जाएंगी, जनता-जनार्दन की सुरक्षा और सम्पन्नता के बिना किसी का भला नहीं होता है। यूपी का यह चरित्र बदलना होगा।

 

एक घंटे पांच मिनट तक धारा प्रवाह बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कई बार भारत माता जय के नारे लगाते हुए भीड़ से रिश्ता जोड़े रखा। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा गैंगरेप की घटनाएं यूपी में होती हैं। यूपी की सरकार बताए, आप तो परिवार वाले हैं, परिवारवाद वाले हैं। परिवार का हर कोई व्यक्ति फले-फूले इसके लिए हमेशा लगे रहते हैं। फिर इन्हें यूपी अपना परिवार क्यों नहीं लगता।

उन्होंने कहा कि अपराध के बाद ऐसी बयानबाजी होती है कि हर आंख से पानी निकाल आए। यूपी में गैर कानूनी हथियारों की फायरिंग से तीन हजार हत्याएं होती हैं। आखिर यह कट्टा कौन बनाता है, कारोबारी और इन्हें बारूद बेचने वाला कौन है। पुलिस भी कुछ नहीं करती और सरकार भी।

देश में आर्मस एक्ट में 50 प्रतिशत गुनाह यूपी के पंजीकृत हैं। अगर इसमें गैर पंजीकृत मामले जोड़ दिए जाएं तो यूपी का नंबर एक होगा। दलितों, महिलाओं, वंचितों, शोषितों की सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की होती है। देश में दलितों पर अत्याचार की घटनाएं 20 प्रतिशत अकेले यूपी में है और सजा का नामोनिशान नहीं है। समाज का सामान्य से सामान्य व्यक्ति सोचता है कि संकट के समय उसकी सुरक्षा पुलिस करे। उन्होंने यूपी सरकार को नसीहत देते हुए काह कि अगर घुड़सवार सही हो तो घोड़ा सही दिशा में चलता है।


Scroll To Top
Translate »