
बरेली। जिले में इन दिनों अपराधो की बाढ़-सी आ गई है। ताजा मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के एकता नगर स्थित गुप्ता चौराहे का है, जहां सोमवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशो ने साड़ी व्यापारी फ़िरोज़ खान को घेरकर उनकी बाइक की डिग्गी में रखे 2.40लाख रुपए लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुँच कर बदमाशों की तलाश में काम्बिंग की लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।
इज्जतनगर के रहने वाले फिरोज खान सोमवार को राजेंद्रनगर में एचडीएफसी बैंक से रुपया निकालने आए थे। बैंक से उन्होंने 2.40लाख रुपये निकाले और अपनी बाइक की डिग्गी में रख लिए। गुप्ता चौराहे पर एक बाइक सवार युवक ने उन्हें रोका। व्यापारी जब तक कुछ समझ पाता तब तक एक दूसरी बाइक पर सवार दो बदमाश आए और व्यापारी की डिग्गी से रुपयों से भरा बैग निकाल कर फरार हो गए। व्यापारी ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
व्यापारी ने तुरंत डायल 100 पर फोन करके लूट की जानकारी दी। जिसके बाद एसएसपी और एसपी सिटी थाना पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और शहर की सभी सीमाओं को सील कर जांच शुरू कराइ गई, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
बता दें कि पिछले एक सप्ताह से बरेली में रोजाना लूट और डकैती की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।
https://rashtriyadinmaan.com
