हालांकि बताया जा रहा है कि आईपीएस हिमांशु कुमार का निलंबन उनकी पत्नी
की ओर से बिहार में दर्ज कराए गए दहेज उत्पीड़न के मामले को आधार बनाकर किया गया है
lucknow | ट्वीट कर उत्तर प्रदेश सरकार की आलोचना करने वाले आईपीएस हिमांशु कुमार को योगी आदित्यनाथ सरकार ने निलंबित कर दिया है. हालांकि बताया जा रहा है कि यह निलंबन उनकी पत्नी की ओर से बिहार में दर्ज कराए गए दहेज उत्पीड़न के मामले को आधार बनाकर किया गया है. निलंबन की खबर पाते ही हिमांशु कुमार ने प्रतिक्रिया दी कि जीत सिर्फ सच की होती है. अपनी ट्विटर वॉल पर उन्होंने लिखा, ‘विजय सिर्फ सत्य की होती है.’
बीते बुधवार को 2010 बैच के आईपीएस हिमांशु कुमार ने एक ट्वीट के जरिए सरकार पर आरोप लगाया था कि उत्तर प्रदेश की नई सरकार यादव उपनाम वाले पुलिस अधिकारियों को परेशान कर रही है. उन्होंने लिखा था कि वरिष्ठ अधिकारियों में ‘यादव’ सरनेम वाले पुलिस अधिकारियों को निलंबित करने या उन्हें पुलिस लाइन भेजने के लिए होड़ मची हुई है. हालांकि बाद में उन्होंने सफाई देते हुए दूसरा ट्वीट किया कि उनकी बात का गलत अर्थ लगाया गया है और वह सरकार का समर्थन करते हैं.
हालांकि बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें दहेज उत्पीड़न मामले को आधार बनाकर निलंबित किया है. बिहार की एक अदालत ने उनकी पत्नी की तरफ से दर्ज कराए गए दहेज उत्पीड़न के मामले का संज्ञान लेकर बीते दो मार्च को उनके खिलाफ वारंट जारी कर दिया है. हिमांशु इस मामले में वांछित है.
https://rashtriyadinmaan.com

