नसीमुद्दीन का मायावती पर पलटवार, सुनाया ऑडियो टेप, कहा- मुझे मरवा सकती हैं


naseemuddin-siddiqui-bsp-75-620x400

 

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी से निकाले गए नसीमुद्दीन सिद्दिकी ने आज मायावती पर पलटवार करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए. नसीमुद्दीन ने कहा कि मायावती ने मुझसे 50 करोड़ रुपये की मांग की थी जो मैं दे नहीं सका. उन्होंने ये भी कहा कि मायावती मुझे मरवा भी सकती हैं. उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मायावती का ऑडियो टेप भी सुनाया. नसीमुद्दीन ने कहा कि मेरे पास ऐसे 150 ऑडियो टेप हैं.

नसीमुद्दीन ने कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुझे और मेरे बेटे को गलत आरोपों में पार्टी से बाहर कर दिया गया. चुनाव में हार के बाद मायावती ने मुसलमानों और दूसरी जातियों को बुरा भला कहा. मायावती ने मुझे बुलाकर पूछा कि मुसलमानों ने बीएसपी को वोट क्यों नहीं दिया? मैंने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन की वजह से वोट नहीं दिया. इस पर उन्होंने कहा, गद्दार हैं. बाद में उन्होंने और भी जातियों को बुरा भला कहा. क्षत्रियों का भी अपमान किया.

नसीमुद्दीन ने कहा कि मायावती ने मुझसे 50 करोड़ मांगे. जब मैंने कहा कि इतने रुपये कहां से लाऊंगा तो उन्होंने कहा कि अपनी प्रॉपर्टी बेच दो. यहां तक कि मेरी बेटी मर गई लेकिन उन्होंने मुझे छुट्टी तक नहीं दी. पार्टी में मेरा अपमान किया गया. नसीमुद्दीन ने कहा कि मायावती मुझे मरवा भी सकती हैं. मेरा घर भी जलाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सतीश मिश्रा पार्टी को बर्बाद कर देंगे. वह मायावती को जेल जाने का डर दिखाते रहते हैं.

उन्होंने कहा कि मेरे पास ऐसे राज हैं जिससे भूचाल आ जाएगा. प्रेस कांफ्रेंस के दौरान नसीमुद्दीन ने मायावती से बातचीत के कुछ ऑडियो टेप भी सुनाए. इनमें दोनों के बीच चुनाव और कुछ हिसाब-किताब की बात हो रही है. उन्होंने दावा किया कि मेरे पास 150 ऑडियो टेप हैं.

 


Scroll To Top
Translate »