इंसेफलाइटिस के विरुद्ध छेड़े गये महा अभियान में जनप्रतिनिधियों सहित सबकी सहभागिता जरूरी: मुख्यमंत्री


unnamed
मुख्यमंत्री  का जनपद कुशीनगर भ्रमण
लखनऊ:    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कुशीनगर जनपद के ग्राम मैनपुर (बीना पट्टी) की मूसहर बस्ती में मस्तिष्क ज्वर/जापानी इंसेफेलाइटिस उन्मूलन हेतु विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर लगभग 200 बच्चों का टीकाकरण भी किया गया। यह अभियान 25 मई से 11 जून, 2017 तक राज्य के 38 जनपदों में चलेगा। उन्होंने उस प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां से इस टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गयी है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 268 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जिसमें कुशीनगर में एक केन्द्रीय विद्यालय तथा 33 के०वी०ए० के 7 विद्युत सब-स्टेशन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने 105 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री  ने कोटेश्वरी देवी मन्दिर के निकट एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि इंसेफेलाइटिस के विरुद्ध छेड़े गये इस महाभियान में जनप्रतिनिधियों सहित सबकी सहभागिता जरूरी है। पूर्वी उ०प्र० के काफी बच्चे हर वर्ष इस बीमारी से ग्रस्त होकर काल के गाल में समा रहे हैं। इस अभियान की शुरुआत जानबूझ कर मूसहर बस्ती से की गयी है, क्योंकि मूसहर सहित गरीब, अति पिछड़े एवं अल्पसंख्यक परिवारों के बच्चे इस बीमारी से ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस रोग के बचाव का एक ही उपाय है, स्वच्छता तथा स्वच्छ पेयजल। इसीलिए पूर्वान्चल के हर जनपद में स्वच्छता के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अपने सम्बोधन में योगी  ने बताया कि राज्य सरकार ने अपने मात्र दो माह के कार्यकाल में गन्ना किसानों को 22 हजार करोड़ रुपये के बकाये का भुगतान कर दिया है। चीनी मिलों पर घटतौली रोकने के लिए कड़े कदम उठाये गये हैं। गेहूं क्रय केन्द्रों के माध्यम से किसानों से रिकाॅर्ड गेहूं खरीदा गया है और अभी खरीद का कार्य चल रहा है। गेहूं क्रय केन्द्रों की स्थिति में काफी सुधार हुआ है।
गन्ना कृषकों की समस्याओं के विषय में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर वर्ष दो बन्द चीनी मिलों को चलाने के साथ ही अन्य चालू चीनी मिलों के आधुनिकीकरण के साथ-साथ उनकी क्षमता में भी विस्तार भी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष 70 लाख बेरोजगारों को रोजगार से जोड़ेगी। स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण किया जायेगा। आवश्यकता एवं मांग के अनुसार मेडिकल एवं इंजीनियरिंग काॅलेज तथा पाॅलीटेक्निक स्थापित किए जायेंगे।
 जन सहयोग के माध्यम से उ०प्र० को देश का उत्कृष्ट प्रदेश बनाया जायेगा। प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आने दी जायेगी। उन्होंने कहा कि आशा बहुओं एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की कुछ समस्याएं एवं मांगंे सरकार के पास आई हैं, जिनका समाधान शीघ्र किया जायेगा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से इंसेफलाइटिस रोकने के लिए गांव-गांव विशेष स्वच्छता अभियान के सम्बन्ध में जन जागरूकता लाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री  ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की बहन-बेटियों के साथ प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षा देने के लिए दृढ़ संकल्पित है, लेकिन कुछ लोग चेतावनी के बावजूद भी इसमें व्यवधान उत्पन्न कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महात्माबुद्ध की धरती कुशीनगर से मैं ऐसे लोगों को अंतिम चेतावनी दे रहा हूं कि वे सुधर जायें क्योंकि प्रदेश की कानून-व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की जायेगी।इस अवसर पर योगी  ने कहा कि इस वर्ष पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जन्म शताब्दी मनायी जा रही है। हम प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इसमें सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग आवश्यक है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी मंत्रियों सहित जनप्रतिनिधियों तथा आम जनता को स्वच्छता की शपथ दिलाई, जिसके तहत उन्हें प्रति सप्ताह दो घंटे श्रमदान करके स्वच्छता से सम्बन्धित कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके पूर्व, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने सांसद के रूप में इंसेफलाइटिस के विरुद्ध जो लड़ाइयां लड़ीं वह हम सबके लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि अब हम मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में ही इस बीमारी पर विजय प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि 25 मई से 11 जून, 2017 तक प्रदेश के 38 जनपदों में चलने वाले इस टीकाकरण अभियान की आज यहां से शुरुआत की गयी है। इसके तहत, एक वर्ष से लेकर 15 वर्ष के 90 लाख बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री जी ने एक टोल फ्री नम्बर 18001805544 को लाॅन्च किया। उन्होंने कहा कि इंसेफलाइटिस से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना या सलाह उक्त नम्बर पर ली या दी जा सकती है।
इस अवसर पर केन्द्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री कलराज मिश्र, राज्य सरकार के ग्रामीण अभियंत्रण सेवा तथा जनपद के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र प्रताप सिंह (मोती सिंह), श्रम एवं सेवायोजन, समन्वय मंत्री श्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने अपने विचार व्यक्त किये।

Scroll To Top
Translate »