लालू यादव के परिवार पर आईटी का शिकंजा, 12 बेनामी संपत्तियों को किया गया अटैच


lalufamily

नई दिल्ली |   आरजेडी प्रमुख लालू यादव और उनके परिवार पर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने शिकंजा कस दिया है। सोमवार को उनके बेटे-बेटी सहित कई रिश्तेदारों की बेनामी संपत्तियों को पटना से दिल्ली तक अटैच किया गया। मंगलवार को इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने इसकी एक सूची जारी की। टैक्स डिपार्टमेंट ने उनकी बेटी मीसा भारती, उनके पति शैलेश कुमार, डेप्युटी चीफ मिनिस्टर तेजस्वी यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और बहनें रागिनी और चंदा यादव के अटैच किए गए 12 प्लॉट का ब्योरा पेश किया है।

बेनामी संपत्तियों में दिल्ली का एक फॉर्म हाउस और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में बंगला भी शामिल है। अटैच की गई कुल संपत्ति का बाजार मूल्य 175 करोड़ रुपये है, जबकि बही-मूल्य 9.32 करोड़ रुपये है। वहीं बिहार के डेप्युटी चीफ मिनिस्टर तेजस्वी यादव ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताते हुए कहा, ‘हमने कुछ नहीं छुपाया है। हमें बुलाया जाएगा तो हम जवाब देने के लिए तैयार हैं।’

गौरतलब है कि बेनामी संपत्ति मामले में फंसी मीसा भारती समन जारी किए जाने के बावजूद दो बार आयकर विभाग के सामने हाजिर नहीं हुईं थीं। अब मीसा, तेजस्वी और शैलेश को यह साबित करना होगा कि उनकी अटैच की गईं संपत्तियां वैध तरीके से खरीदी गईं हैं।

आयकर विभाग ने मीसा को 6 जून और 12 जून को पेश होने का आदेश दिया था लेकिन मीसा दोनों ही बार पेश नहीं हुईं थीं। इसके बाद आईटी डिपार्टमेंट ने उन संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की, जिन पर मई में छापा मारा गया था।

13 जून को आईटी डिपार्टमेंट ने बेनामी संपत्ति और टैक्स चोरी के मामले में शैलेश कुमार को तलब किया था। पूछताछ के लिए पेश नहीं होने पर शैलेश पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया था। दिल्ली के दो बिजनसमैन के 8000 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने मीसा भारती के सीए राकेश अग्रवाल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद ही मीसा भारती को समन भेजा गया था।

 


Scroll To Top
Translate »