
पटना | बेनामी संपत्ति और रेलवे के होटल घोटाले में फंसे आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव और उनके कुनबे की मुसीबत अब और बढ़ने वाली है। सूत्रों के मुताबिक बिहार के सीएम नीतीश कुमार लालू के छोटे बेटे और राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को उनके पद से हटाने पर विचार कर रहे हैं। शुक्रवार को लालू यादव के 12 ठिकानों पर सीबीआई के छापे के बाद राज्य का सियासी पारा गरमा गया है। सीबीआई द्वारा भ्रष्टाचार के मामले में तेजस्वी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद सीएम नीतीश पर उनको पद से हटाने का दबाव बढ़ने लगा है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने तो नीतीश से लालू के दोनों बेटों को कैबिनेट से बर्खास्त करने की मांग कर डाली है।
उधर सूत्रों के मुताबिक नीतीश तेजस्वी को कैबिनेट से हटाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। पहले विकल्प के तौर पर नीतीश सीधे तेजस्वी से इस्तीफा मांग सकते है। वहीं, दूसरे विकल्प के अनुसार बिहार के सीएम लालू यादव से अपने पुत्र को इस्तीफा देने के लिए मनाने को कह सकते हैं। तीसरा विकल्प भ्रष्टाचार के मामले में चार्जशीट दाखिल होने तक तेजस्वी को उनके पद पर बने रहने दिया जा सकता है।
https://rashtriyadinmaan.com
