
lucknow. मुख्यमंत्री के दौरे के समय जिला प्रशासन द्वारा अस्थाई रूप से लाल दरी, सोफे और एसी लगाने के मामले में खुद सीएम योगी नाराज हो गए हैं. इस संबंध में सीएम के प्रमुख सचिव ने प्रदेश के सभी कमिश्नर, डीएम, एसएसपी और एसपी को निर्देश भेजे हैं कि आगे से ऐसा न हो.
मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एसपी गोयल की तरफ से जारी निर्देशों में कहा गया है कि यह देखा जा रहा है कि सीएम के जनपदों में दौरे के समय निर्देशित करने के बाद भी प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जाती हैं. उदाहरण के तौर पर- लाल कालीन, किसी रंग विशेष के तौलिए का उपयोग करना, विशेष तरह के सोफे का उपयोग करना आदि.
उन्होंने कहा कि सीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं उनके भ्रमण के दौरान कोई विशेष व्यवस्था न की जाए. दिखावटीपन से बचा जाए. कुछ भी ऐसा न किया जाए, जिससे आम जनता को असुविधा हो.
पहले भी देवरिया और गोरखपुर में शहीद सैनिकों के परिजनों से भेंट के दौरान उनके आवासों पर जिला प्रशासन द्वारा लाल कालीन, सोफा और एसी आदि अस्थाई रूप से लगाए थे. जिस पर सीएम योगी द्वारा घोर अप्रसन्नता व्यक्त की गई है. उन्होंने निर्देश दिए हैं कि भविष्य में इस तरह के कृत्यों की पुनरावृत्ति कदापि न हो.
https://rashtriyadinmaan.com
