कौशल विकास को बढ़ावा देकर पांच वर्षों में करीब 70 लाख नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा—-मुख्यमंत्री


PRESS (5)
मुख्यमंत्री ने प्रथम रोजगार समिट को सम्बोधित किया
लखनऊ:  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कहा है कि राज्य के हर नागरिक को सुरक्षा प्रदान करना प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है। वर्तमान राज्य सरकार इसे पूरी तत्परता से निभाने के लिए कटिबद्ध है। प्रदेश सरकार द्वारा इस दिशा में उठाए गए कड़े कदम एवं निवेश फ्रेण्डली नीतियों के परिणाम अब दिखायी पड़ने लगे हैं। प्रदेश सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप राज्य में निवेश का रूझान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास को बढ़ावा देकर आगामी पांच वर्षों में करीब 70 लाख नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। श्रम कानूनों का सरलीकरण एवं निवेशकों की सुरक्षा की गारण्टी देकर निवेश का वातावरण सृजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री आज यहां साइंटिफिक कन्वेंशन सेण्टर में श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा आयोजित प्रथम रोजगार समिट को सम्बोधित कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने 10 नौजवानों को सेवायोजन का प्रमाण-पत्र वितरित करने के साथ ही, ‘कैरियर पथ प्रदर्शक’ पत्रिका, सेवायोजन विभाग की मार्गदर्शिका का विमोचन तथा सेवायोजन मोबाइल एप का लोकार्पण भी किया।
योगी ने कहा कि प्रारम्भ में कई व्यापारिक गतिविधियों में कोई विशेष सम्भावना नजर नहीं आती, लेकिन बाद में वही बहुत बड़े पैमाने पर बाजार का हिस्सा हो जाती हैं। चाय एवं मोबाइल फोन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि शुरुआत में चाय की आदत डालने के लिए कम्पनियों द्वारा शिविर लगाए जाते थे। इसी प्रकार प्रारम्भ में मोबाइल फोन भी बहुत कम लोगों द्वारा प्रयोग में लाये जाते थे। लेकिन आज यह दोनों वस्तुएं बाजार में किस प्रकार से स्थापित हो गई हैं, यह किसी से छिपा नहीं है और इनसे लाखों लोगों को रोजगार भी मिले हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अयोग्य नहीं होता, केवल उसे योग्य योजक की जरूरत होती है। उत्तर प्रदेश सरकार इसी भूमिका को अपनाते हुए सभी नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने नेशनल ह्यूमन रिसोर्स डेवलपमेन्ट नेटवर्क (एन0एच0आर0डी0एन0) के साथ एम0ओ0यू0 पर हस्ताक्षर कर राज्य के नौजवानों की देश के प्रतिष्ठित उद्यमियों तक पहुंच बनाने के लिए अवसर उपलब्ध कराने का काम किया है। एन0एच0आर0डी0एन0 के साथ लगभग 12 हजार 500 से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं, जिसका फायदा प्रदेश के नौजवानों को निश्चित रूप से मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल पर अब तक प्रदेश के 06 लाख नौजवानों ने अपना पंजीयन कराया है। रोजगार मेलों के माध्यम से नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराने की बात को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में लखनऊ में तीन दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जिसमें 36 कम्पनियों द्वारा करीब 1800 से अधिक अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। किसी भी समाज के लिए अपने नौजवानों को स्वावलम्बी बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे यह नौजवान अपने परिवार की देखभाल स्वतः कर सकें। प्रदेश सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
योगी  ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी  ने कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए अलग से मंत्रालय बनाने का काम किया। प्रदेश सरकार, केन्द्र सरकार की इस योजना का लाभ उठाने के लिए हर सम्भव प्रयास करेगी। उन्होंने राज्य के इंजीनियरिंग, पाॅलीटेक्निक तथा आई0टी0आई0 संस्थानों की गुणवत्ता पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि यहां से निकलने वाले नौजवानों को डिग्रियां/डिप्लोमा तो मिल जाते थे, लेकिन इनको रोजगार के अवसर नहीं मिल पाते थे। विश्वसनीयता समाप्त होने के कारण प्रदेश के अधिकांश निजी इंजीनियरिंग काॅलेज बंद होने लगे। वर्तमान शिक्षा सत्र में कई इंजीनियरिंग काॅलेजों ने पठन-पाठन का कार्य बंद करने की अनुमति मांगी थी, जिसे राज्य सरकार ने मानने से इंकार कर दिया। ऐसे इंजीनियरिंग काॅलेजों को सुझाव दिया गया कि वे अपने यहां कौशल विकास का कार्यक्रम संचालित करें। मुख्यमंत्री जी ने इस बात पर खुशी जाहिर की कि राज्य सरकार की इच्छा के अनुरूप इन इंजीनियरिंग काॅलेजों एवं अन्य प्रतिष्ठानों के माध्यम से इस वर्ष करीब 10 लाख नौजवानों को प्रशिक्षित करने में मदद मिलेगी।

 

इससे पूर्व, उप मुख्यमंत्री डाॅ0 दिनेश शर्मा ने कहा कि देश की राजनीति की दिशा एवं दशा तय करने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश के चतुर्दिक विकास के लिए वर्तमान राज्य सरकार काम कर रही है। बेरोजगारों को रोजगार, भ्रष्टाचार की समाप्ति एवं विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाकर प्रत्येक नागरिक को अच्छी सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कौशल विश्वविद्यालय की स्थापना एवं प्रत्येक विश्वविद्यालय में कैम्पस प्लेसमेण्ट सेल की स्थापना का काम आगे बढ़ाया गया है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए श्रम एवं सेवायोजन मंत्री श्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था एवं समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए किए जा रहे प्रयासों के फलस्वरूप उत्तर प्रदेश अब उद्यमियों के लिए सबसे सुरक्षित गंतव्य बन चुका है।
इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री श्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी), अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन श्री राजेन्द्र कुमार तिवारी, एन0एच0आर0डी0एन0 के महानिदेशक श्री धनंजय सिंह, पद्म श्री डाॅ0 प्रीतम सिंह, मारुति सुजुकी के चीफ मेण्टर श्री एस0वाई0 सिद्दीकी एवं निदेशक सेवायोजन श्री राजेन्द्र प्रसाद ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Scroll To Top
Translate »