69169-myvnwircmb-1506144430 बिलासपुर |      हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होता जा रहा है. मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) की आधारशिला रखने के बाद कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार उन्होंने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश में इन दिनों जमानती सरकार चल रही है.’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, ‘पिछले दिनों कांग्रेस के लोग मिलने आए तो मैंने पूछा मुख्यमंत्री का परिवार जमानत पर है बदलते क्यूं नहीं? उन्होंने कहा कि पूरी पार्टी ही जमानत पर है.’ इस बयान के जरिए नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री बीरभद्र सिंह और उनके परिवार को घेरने की कोशिश की है जिनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले चल रहे हैं.

इससे पहले हिमाचल प्रदेश से अपना विशेष नाता बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘अगर ऐसे हिमाचल प्रदेश के लिए कुछ करने का मौका मिले तो इससे बड़ा सौभाग्य कुछ नहीं होगा.’ उन्होंने कहा कि एम्स से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा, बल्कि पर्यटन और रोजगार भी बढ़ेगा. वहीं आईआईआईटी को उन्होंने एक नए युग की शुरुआत बताया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि हिमाचल प्रदेश की 13 विकास परियोजनाओं पर केंद्र सरकार 15 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में केंद्र सरकार की अन्य उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वन रैंक वन पेंशन योजना बीते 40 साल से लटकी थी, लेकिन अब पूर्व सैनिकों को चार में से तीन किश्तों का भुगतान किया जा चुका है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंद्रधनुष योजना के तहत टीकाकरण के विस्तार के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की भी सराहना की. नड्डा हिमाचल प्रदेश से ही राज्यसभा सांसद हैं.