
दिवाली पर कानपुर और आसपास के जिलों में दर्जन भर से ज्यादा हादसों में 23 लोगों की मौत हो गई। उन्नाव और झांसी के एक-एक हादसे में तीन-तीन लोगों की मौत हुई।
उन्नाव में लखनऊ-कानपुर राजमार्ग पर निगम पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर तोड़ते हुए इंडिगो कार से टकरा गई। इसमें मां-बेटी व चालक की मौत हो गई। मरने वालों में टेस्ट क्रिकेटर नीतू डेविड की बहन और भतीजी शामिल हैं। ये सभी लोग कानपुर के श्यामनगर में रहने वाले रिश्तेदार के यहां गृह प्रवेश में शामिल होने जा रहे थे।
ललितपुर से रतनगढ़ माता (मप्र) के दर्शन के लिए जा रहे तीन लोगों की झांसी हाईवे पर जीप पलटने से मौत हो गई। सभी ललितपुर के जखलौन के रहने वाले थे। इसके अलावा बांदा में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हुई। उरई में माधवगढ़-उमरी रोड पर हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई।
हरदोई में भाई दूज पर पति के साथ मायके जा रही महिला की हादसे में मौत हो गई। पति गंभीर रूप से घायल हो गया। कानपुर देहात में पुखरायां के पास हादसे में दो लोगों की मौत हुई। इसके अलावा रूरा में बाइक रिंद नदी में गिरने से एक युवक की मौत हुई, यहीं एक अन्य हादसे में भी एक युवक की जान चली गई।
फर्रुखाबाद में अमृतपुर के पास हादसे में महिला की मौत हो गई। वह भाईदूज पर टीका करने जा रही थी। एक हादसे में एक युवक की मौत हुई। औरैया में भाईदूज पर बहन के यहां जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। कानपुर के बिठूर में कार पलटने से एक बच्चे की और बर्रा में कार डिवाइडर से टकराने से एक व्यक्ति की जान चली गई।
https://rashtriyadinmaan.com
