मोदी की लहर फीकी और राहुल की तारीफ …तो क्या बदल रहे हैं शिवसेना के सुर


850_850150909733075q9_sanjay-raut-shiv-sena

 

 

मुंबई। कभी भाजपा के साथ सुर में सुर मिलाकर राग अलापने वाली शिवसेना के सुर अब बदलते हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल, महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना ने ताजा मामले में नरेंद्र मोदी की लहर फीकी पड़ती हुई बताया है। वहीं कांग्रेस के भावी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान उपाध्यक्ष राहुल गांधी की तारीफ की है।

शिवसेना के सांसद संजय राउत ने गुरुवार को कहा कि नरेंद्र मोदी की लहर फीकी पड़ गई है और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं। दरअसल, संजय राउत गुजरात में राहुल गांधी की प्रचार शैली से खासा प्रभावित दिखाई दे रहे हैं। खबरों के मुताबिक, राउत का कहना है कि राहुल गांधी गुजरात में जिस तरीके से चुनाव प्रचार कर रहे हैं, वह प्रशंसनीय है।

संजय राउत ने कहा कि राहुल गांधी जनता का ध्यान खींच रहे हैं। लोग उनके भाषणों को सुनने के लिए इकट्ठा हो रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि तीन साल पहले राहुल गांधी को कई लोग पप्पू के नाम से पुकारा करते थे, लेकिन अब स्थिति बदलने लगी है। राहुल की प्रचार शैली को देखकर ऐसे लगता है कि कांग्रेस पार्टी को उनमें अपना नेता मिल गया है।

 

वहीं अपने बयान को लेकर संजय राउत ने कहा कि ‘टीवी पर बहस के दौरान मुझसे राहुल गांधी के नेतृत्व पर राय मांगी गई थी। इस पर मैंने कहा था कि वे तीन साल पहले वाले राहुल गांधी नहीं हैं। अब वे कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं। मैंने यह भी कहा था कि राहुल गांधी देश का नेतृत्व करने में सक्षम हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि उन्हें भारत का प्रधानमंत्री बन जाना चाहिए।’

गौरतलब है कि गुरुवार को टीवी पर बहस के दौरान शिवसेना सांसद संजय राउत के कहा था कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर थम रही है। उनके मुताबिक चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो भी वादे किए थे, वे अब तक पूरे नहीं हो पाए हैं। इसलिए लोग दूसरा विकल्प तलाश रहे हैं।


Scroll To Top
Translate »