
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में आज वहां की जनता नई सरकार चुनने के लिए मतदान कर रही है। कांग्रेस और भाजपा के सीएम चेहरे वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल ने भी वोट डाले। वीरभद्र सिंह, पत्नी प्रतिभा सिंह और बेटे विक्रमादित्य सिंह के साथ मत डालने पहुंचे वहीं प्रेम कुमार धूल भी परिवार के साथ वोट डालने गए। बेटे अनुराग ठाकुर भी उनके साथ रहे।
हिमाचल में कहीं मोदी लहर नहीं है’ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गुरुवार सुबह रामपुर स्थित पदम पैलेस स्कूल में बने पोलिंग स्टेशन पर जाकर मतदान किया। इस दौरान वीरभद्र सिंह के साथ-साथ उनकी पत्नी व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और विक्रमादित्य सिंह ने भी मतदान किया। वीरभद्र सिंह सोलन जिला के अर्की विधानसभा क्षेत्र से चुनाव में उतरे हैं लेकिन उनका वोट रामपुर में था। इसके लिए वे कल ही रामपुर चले गए थे। आज वे मतदान करने के बाद वापस शिमला रवाना हो गये। वहीं, विक्रमादित्य सिंह का वोट भी रामपुर में ही है। वे शिमला ग्रामीण विधानसभा चुनाव क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर पहले उनके पिता यानी सीएम वीरभद्र सिंह चुनाव में उतरे थे, लेकिन अबकी बार विक्रमादित्य सिंह इस सीट से उतरे हैं और वीरभद्र सिंह सोलन जिला के अर्की से चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बीच वीरभद्र सिंह ने दावा किया कि हिमाचल में अगली सरकार कांग्रेस की ही बनेगी। हिमाचल में कहीं कोई मोदी लहर नहीं है। लोग कांग्रेस सरकार के विकास पर मतदान कर रहे हैं व अब लोग झूठे झांसों में नहीं आने वाले। उन्होंने कहा कि तमाम ओपिनियन पोल भाजपा की ओर से प्रायोजित हैं। जो नतीजे आने के बाद झूठे साबित होंगे। उन्होंने प्रदेश भर से ईवीएम मशीनों की खराबी की खबरों पर भी चिंता जताई।
नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल के बेटे हमीरपुर से भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर का दावा किया है कि हिमाचल में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार में भाजपा को मिले जबरदस्त जनसमर्थन से कांग्रेस की जड़ें उखड़ गई है और कांग्रेस मैदान छोड़कर भाग चुकी है। और आने वाला वक्त अब भाजपा का ही है। उन्होंने आज अपने परिवार के साथ समीरपुर में मतदान किया । अनुराग ने कहा कि प्रदेश में चल रही प्रचंड लहर में भाजपा 60 सीटें जीतने जा रही है जबकि कांग्रेस सिर्फ 8 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। अनुराग ने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर जनता को भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन प्रदान करने के साथ-साथ हर वर्ग के कल्याण को सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा इस पहाड़ी राज्य को विकास के मामले में देश का एक आदर्श राज्य बनाएगी।
https://rashtriyadinmaan.com
