
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की पुण्यतिथि पर आज यहां जी0पी0ओ0 पार्क स्थित उनकी मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को भारत माता का महान सपूत बताते हुए कहा कि सरदार पटेल ने भारतीय गणराज्य को एक सूत्र में पिरोने का जो कार्य किया, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने भारत की एकता व अखण्डता को एक नई दिशा दी। उनके मूल्यों व आदर्शों पर चलकर ही हम एक श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को साकार कर सकते हैं। भारत को श्रेष्ठ भारत बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार सार्थक प्रयास कर रही है।
योगी ने कहा कि अंग्रेजी सरकार ने अपनी कुत्सित मंशा के चलते आजादी के समय राजे रजवाड़ों को अपनी इच्छा से भारत अथवा पाकिस्तान में शामिल होने या स्वतंत्र रहने की अनुमति दी। सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति और कुशलता से न केवल 543 से अधिक रियासतों का भारत में विलय कराया, बल्कि जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी भारत में विलय से इन्कार करने वाली रियासतों को लौह पुरुष के अनुरूप आचरण करके भारत में मिलाने का अद्वितीय कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि तत्कालीन भारत सरकार ने सरदार पटेल के अनुरूप काम किया होता तो कश्मीर की समस्या सहित वे सभी अन्य समस्याएं न होतीं, जो आज देश के लिए नासूर बन गई हैं।
योगी ने विश्वास जताया कि लोग सरदार पटेल के दिखाए रास्ते का अनुसरण करते हुए देश को जाति, मत, मजहब में बंटने नहीं देंगे और देश की स्वतंत्रता और अखण्डता की रक्षा करने के लिए तत्पर रहेंगे।
https://rashtriyadinmaan.com
