जीडीए में अभियंता ने बाबू को मारा थप्पड़, कर्मचारियों ने ठप किया काम


gda-01

 

lucknow :  गाजियाबाद विकास प्राधिकरण(जीडीए) ऑफिस में गुरुवार को अधिशासी अभियंता ने एक बाबू को चाटा जड़ दिया। इससे नाराज पीड़ित बाबू अन्य कर्मचारियों के साथ धरना देकर बैठ गए। इस कारण जीडीए में कामकाज ठप रहा। हंगामा होता देख जीडीए सचिव ने कर्मचारियों को समझा बुझाकर धरना खत्म कराया। जीडीए वीसी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

कर्मचारी प्रवीन का आरोप है कि वह गुरुवार को डी-494 लाजपतनगर साहिबाबाद की फाइल पर पत्रांक की जानकारी जीडीए प्रवर्तन जोन-7 के अधिशसी अभियंता अजय कुमार को दे रहा था। इसी दौरान अधिशासी अभियंता बिना किसी वजह से ताव में आकर उसे चाटा जड़ दिया। विरोध करने पर आरोपी ने गालियां दी।

प्रवीन ने मानसिक उत्पीड़न करने और चाटा मारने का आरोप लगाते हुए जीडीए उपाध्यक्ष को शिकायती पत्र सौंपा। इस घटना से जीडीए के अन्य कर्मचारियों में आक्रोश पैदा हो गया। नाराज कर्मचारियों ने प्रवीन कुमार के पक्ष में कामकाज ठप कर दिया और पार्क में धरना देकर बैठकर हंगामा करने लगे। यह हंगामा उस वक्त हुआ जब जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ऑफिस में जीडीए अधिकारियों संग बैठक कर रही थी। इसी बीच हंगामा होते देख जीडीए सचिव रवीन्द्र मधुकर गोडबोले कर्मचारियों के पास वार्ता करने पहुंचे। सचिव ने कर्मचारियों की बात सुनी ओर उन्हें शांत किया। इसी के साथ आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी।

कर्मचारियों ने एकत्र होकर खूब हंगामा किया। जीडीए कर्मचारी संघ के अध्यक्ष पुनीत दीक्षित, श्रीचंद सारस्वत, अनिल कुमार त्यागी आदि सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी एकत्र होकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बरामदे में हंगामा करते हुए जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी के ऑफिस जाने लगे, लेकिन उन्हें वह रोक दिया गया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता ने प्रवीन कुमार के साथ बदतमीजी की।

जीडीए उपाध्यक्ष रितु माहेश्वरी ने तत्काल अधिशासी अभियंता को तलब कर लिया। उपाध्यक्ष के समक्ष इंजीनियर ने चाटा नहीं मारने की बात कहीं। उपाध्यक्ष ने पूरी बात सुनने के बाद सचिव रवीन्द्र मधुकर गोडबोले का जांच के आदेश जारी कर दिए। कर्मचारी संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि आरोपी पर कार्रवाई नहीं की गई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

 


Scroll To Top
Translate »