मुंबई कमला मिल्स हादसाः 14 की मौत, BMC के 5 कर्मचारी निलंबित


hotel_fire_29_12_2017

 

मुंबई। मुंबई के लोअर परेल इलाके कमला मिल कंपाउंड में गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात एक होटल के रूफ टॉप रेस्टोरेंट में अचानक आग लग गई। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत हो गई है वहीं कई अन्य घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मरने वालों में 12 महिलाएं हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त होटल में 40-50 लोग थे।

 

घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे सीएम फडणवीस ने बताया कि बीएमसी कमिश्नर को जांच के आदेश दिए गए हैं। 5 लोगों को निलंबित कर दिया गया है। लोगों की मौत के लिए इसके मालिक भी जिम्मेदार हैं। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। बीएमसी के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है। इस बीच बीएमसी कमिश्नर ने कार्रवाई करते हुए पांच कर्मचारियों को काम में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है।

 

भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने कमला मिल्‍स आग की घटना के लिए बीएमसी को जिम्‍मेदार ठहराया। उन्‍होंने कहा, ‘बीएमसी अधिकारी कमला मिल्स कंपाउंड में लगी आग में मारे गए लोगों के लिए जिम्मेदार है। ये दो सप्ताह में दूसरी ऐसी बड़ी घटना है, आखिर बीएमसी कब जागेगी?’

वहीं सामाजिक कार्यकर्ता मंगेश कालस्‍कर की मानें तो उन्‍होंने कमला मिल्‍स परिसर के अवैध निर्माण के बारे में कई बार बीएमसी को सूचित किया था। कई बार इसकी शिकायत भी बीएमसी में की थी, लेकिन उन्‍होंने जवाब दिया कि कुछ भी गलत नहीं है।

 

कमला मिल्स कंपाउंड में लगी आग में घायल लोगों को केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केईएम अस्पताल के फॉरेंसिक हेड डॉक्‍टर हरीश पाठक ने बताया कि इस हादसे में लगभग सभी की मौत दम घुटने से हुई है। किसी की भी जान जलने की वजह से नहीं गई है। यहां हवा बाहर जाने की उचित व्यवस्था नहीं थी, जिसकी वजह से लोगों का आग के धुंए से दम घुट गया।

 

जब रेस्‍तरां में आग लगी, तब वहां एक जन्‍मदिन की पार्टी चल रही थी। इस हादसे में ज्‍यादातर लोगों की मौत दम घुटने की वजह से हुई है। घटना के बाद पुलिस ने बार के मालिक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।

 

घटना के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि मुंबई होटल हादसे की खबर सुनकर दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी भावनाएं पीड़ित परिवारों के साथ है। वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ है और घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं।

 

 


Scroll To Top
Translate »