
लखनऊ| पॉश इलाके हजरतगंज के जॉपलिंग रोड पर सूरजदीप कॉम्प्लेक्स है। जहां शुक्रवार (05 जनवरी) सुबह तड़के लोगों ने देखा कि एक युवक और युवती के खून से लथपथ शव जमीन पर पड़े हैं। इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुसाइड की सूचना पाकर मौके पर आईजी रेंज लखनऊ जय नारायण सिंह, एसएसपी दीपक कुमार, एएसपी पूर्वी सर्वेश कुमार मिश्रा, सीओ हजरतगंज अभय कुमार मिश्रा, कोतवाली प्रभारी एके शाही पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज निकलवाने के लिए निर्देश दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज से ही यह पता चला की प्रेमी युगल ने रात 12:37 बजे एक साथ कूदकर आत्महत्या की है।
इस संबंध में एसएसपी दीपक कुमार ने बताया, कि दोनों प्रेमी युगल की पहचान हो गई है। कैसरबाग कोतवाली प्रभारी डीके उपाध्याय ने बताया, कि लड़की के चाचा ने गुरुवार रात 11:45 बजे लड़के के खिलाफ बहला फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। दोनों कटरा, मकबूलगंज के रहने वाले हैं। लड़के का नाम ओजस (22 वर्ष) है, जबकि उसकी प्रेमिका काजल (20 वर्ष) है, दोनों पढ़ाई करते थे। पड़ताल में ये भी पता चला है कि दोनों ने घरवालों से छिपकर लव मैरिज कर ली थी। उनके पास सर्टिफिकेट भी हैं। पुलिस अधिकारियों की मानें तो दोनों के परिवार वाले नहीं मान रहे होंगे, जिससे निराश होकर प्रेमी युगल ने आत्महत्या जैसा खतरनाक कदम उठाया होगा।
जिस जगह पर वारदात हुई है वहां छत पर एसी के पास एक तख़्त पड़ा हुआ है। जहां पास में ही एक ब्लेड बरामद हुआ है। यहां पर काफी मात्रा में खून बिखरा पड़ा था। छत पर कई जगह खून के छींटें भी पड़ीं हुई थीं। दोनों ने पहले अपने हाथ की नसें काट लीं, इसके बाद दोनों ने पांचवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। सीसीटीवी फुटेज में यह साफ हो गया की दोनों ने एक साथ ही छत से छलांग लगाई।
आत्महत्या से पहले लड़की ने रोमन में एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जो पुलिस ने बरामद कर लिया है। इसमें लड़की ने लड़के को ‘बच्चा’ और ‘बाबू’ लिखकर सम्बोधित किया है। लिखा है, कि दोनों सुसाइड करेंगे। लड़की ने लिखा है कि ‘बच्चा सुनो आप मुझे आज रात को 4:00 बजे घर के बाहर मिलना। हम दोनों चलकर सुसाइड करेंगे। क्योंकि बाबू हमारा साथ कोई नहीं दे रहा है और हां यशी को मैं कह दूंगी कि आज से मैं कभी आगे घर नहीं आऊंगी। हां बोलोगे, तो अभी घर आते हैं आई लव यू टू बाबू…’। फिर आगे लिखा है, ‘बच्चा घर पर पापा नहीं हैं सिर्फ मां और दीदी हैं, आप अकेले आओगे कैसे, मैं 4:00 बजे आने की कोशिश करूंगी, क्योंकि मां और सब लोग साथ में ही सोएंगे और हां बच्चा पापा शायद यही आए हैं गांव नहीं गए हैं। मैं चाहती हूं आप एक बार बात कर लो मेरे घर पर आकर, लेकिन आप अकेले मत आना। आपके घर पर अगर बात करोगे भी तो कोई मानेगा नहीं। लेकिन फिर भी आप मेरे घर पर आओ एक बार बात कर लेते हैं। अगर नहीं माने तो हम हम दोनों साथ चलेंगे सुसाइड करेंगे। आई लव यू बच्चा….।’
https://rashtriyadinmaan.com
