
lucknow |बीएसपी सुप्रीमों मायावती ने कहा है कि योगी सरकार में उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का कोई पुरसाहाल नहीं है। सूबे के मौजूदा हालातों से साबित होता है कि बीजेपी एंड कंपनी का हर स्तर पर घोर अपराधीकरण हो चुका है। मायावती ने कहा कि बीजेपी शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था के साथ ही विकास के कार्यों का भी बुरा हाल है।
जारी अपने बयान में मायावती ने सूबे के कासगंज में हुए उपद्रव का जिक्र करते हुए कहा कि वहां हिंसा की आग अभी भी शांत नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश समेत सभी बीजेपी शासित राज्यों में अपराधों तथा साम्प्रदायिक दंगों के आरोपी पार्टी नेताओं पर से मुकदमे वापस लेकर जंगलराज को सरकारी तौर पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे देश की समूची न्याय व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है।
बीएसपी सुप्रीमों ने कहा कि बीजेपी और उससे जुड़े संगठनों का अपराधीकरण हो जाने का ही नतीजा है कि देश में आज हर जगह हिंसा और अपराध की अव्यवस्था कायम है। अदालतें दोषियों को सजा नहीं दे पा रही हैं, क्योंकि सरकारी गवाहों को बीजेपी सरकारें सुरक्षा नहीं दे पा रही हैं। गवाहों की खुलेआम हत्या हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देंशों के बावजूद फिल्म पद्मावत पर बीजेपी सरकारों तथा आरएसएस का रवैया जातिवादी तथा सांप्रदायिक हिंसा को बढ़ावा देने वाला है।
उल्लेखनीय है कि गणतंत्र दिस के मौके पर कासगंज में एबीवीपी द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्र बडनगर में उपद्रवी तत्वों द्वारा पथराव और फायरिंग किए जाने के बाद हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में एक युवक की मौत हो गई एवं एक गंभीर रूपसे घायल हो गया। इसके बाद कासगंज हिंसा और आगजनीं की चपेट में आ गया।
https://rashtriyadinmaan.com
