एनसीएल खड़िया में नई शॉवेल राष्ट्र को समर्पित, कंपनी के सीएमडी सिन्हा ने किया शुभारंभ


 

WhatsApp Image 2018-02-05 at 5.58.18 PM

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के खड़िया क्षेत्र में एक नई शॉवेल सोमवार को राष्ट्र को समर्पित की गई। कंपनी के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) श्री पी॰ के॰ सिन्हा ने बतौर मुख्य अतिथि इस नई इलेक्ट्रिक रोप शॉवेल का शुभारंभ किया। इस अवसर आयोजित कार्यक्रम में कंपनी की निदेशक (कार्मिक) सुश्री शांतिलता साहू, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री गुणाधर पांड़ेय, निदेशक (वित्त) श्री पी.एस.आर.के. शास्त्री तथा निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री पी॰ एम॰ प्रसाद बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे।

शॉवेल उदघाटन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री पी॰ के॰ सिन्हा ने कहा कि खड़िया क्षेत्र हमेशा से ही कोयला उत्पादन एवं प्रेषण में आधुनिक तकनीक से सुसज्जित भारी मशीनों (एचईएमएम) के प्रयोग में आगे रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई शॉवेल के प्रयोग से क्षेत्र के कोयला उत्पादन कार्यों में और भी तेजी आएगी तथा क्षेत्र ‘टीम खड़िया’ के टीम वर्क एवं सधी हुई श्रमशक्ति की बदौलत चालू वित्त वर्ष में लक्ष्य से अधिक कोयला उत्पादन एवं प्रेषण करेगा।

निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री गुणाधर पाण्डेय ने नई शॉवेल के आगमन के लिए खड़िया क्षेत्र की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई शॉवेल खड़िया क्षेत्र में कोयला उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। साथ ही, उन्होंने नई शॉवेल के समुचित उपयोग एवं रख-रखाव की सलाह भी दी।

नई शॉवेल को राष्ट्र को समर्पित करने के पश्चात सीएमडी श्री सिन्हा ने खड़िया क्षेत्र द्वारा किए किए जा रहे कोयला उत्पादन एवं उत्पादकता से जुड़े पहलुओं पर समीक्षा बैठक की। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन के प्रति एनसीएल की प्रतिबद्धता को विशेष रूप से रेखांकित करते हुए उन्होंने बैठक में संबन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खड़िया क्षेत्र में निर्माणधीन कोल हैंडलिंग प्लांट (सीएचपी) के कार्य को त्वरित गति से पूरा कराएं, ताकि सड़क मार्ग से कोयले के परिवहन पर कंपनी की निर्भरता कम की जा सके। 6 मिलियन टन क्षमता की इस निर्माणधीन सीएचपी का कार्य पूरा होने के बाद खड़िया सीएचपी की कुल वार्षिक क्षमता 10 मिलियन टन हो जाएगी।

नई इलेक्ट्रिक शॉवेल की क्षमता 20 क्यूबिक मीटर है। इस शॉवेल के खड़िया क्षेत्र के एचईएमएम बेड़े में शामिल होने के बाद क्षेत्र के पास अब कुल 11 शॉवेल हो गई हैं।

खड़िया के क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री संजय मिश्रा ने शॉवेल उदघाटन कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया, जबकि परियोजना अधिकारी श्री सईद गौरी ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम में एनसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधकगण, मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

गौरतलब है कि खड़िया क्षेत्र ने वित्त वर्ष 2017-18 में 4 फरवरी 2018 तक 7.04 मिलियन टन कोयला उत्पादन किया है, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में किए गए 4.91 मिलियन टन कोयला उत्पादन से लगभग 43 प्रतिशत अधिक है। क्षेत्र ने कोयला प्रेषण में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 फरवरी तक 6.88 मिलियन टन कोयला प्रेषण कर वित्त वर्ष 2016-17 की समान अवधि में किए गए 5.43 मिलियन टन कोयला प्रेषण के मुक़ाबले लगभग 29 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।


Scroll To Top
Translate »