
नोएडा। पंजाब नैशनल बैंक में हुए 11400 करोड़ रुपए के महाघोटाले के आरोपी नीरव मोदी पर जांच एजेंसियों का शिकंजा कसता जा रहा है। नीरव मोदी के मुंबई स्थित घर पर प्रवर्तन निदेशालय छापेमारी कर रही है। वहीं नीरव मोदी के सूरत के 3, उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ और दिल्ली के एक ठिकाने पर भी छापेमारी हो रही है। आज सुबह ही सीबीआई ने मुंबई की ब्रैडी हाउस ब्रांच को सील कर दिया है। इसी ब्रांच में नीरव मोदी घोटाला हुआ था। लखनऊ के फन मॉल समेत नोएडा और गाजियाबाद में भी गीतांजलि ज्वेल्स के तमाम ठिकानों पर ईडी की छापेमारी जारी है।
सीबीआई की तरफ से बैंक के बाहर नोटिस का पर्चा चिपका दिया है, जिसपर लिखा है कि इस ब्रांच को नीरव मोदी एलओयू मामले के कारण सील किया जाता है। इसके बाद इस ब्रांच में कोई भी काम नहीं होगा, वहीं किसी भी पीएनबी कर्मचारी की एंट्री पर भी रोक लग गई है। बता दें कि सीबीआई हीरा कारोबारी नीरव मोदी की फायर स्टार डायमंड कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) विपुल अंबानी से भी पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि विपुल अंबानी पिछले तीन-चार वर्षों से इस पद पर है।
https://rashtriyadinmaan.com
