
लखनऊ. यूपी इनवेस्टर्स समिट में हिस्सा ले रहे रिलायंस समूह के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने अपने सम्बोधन में दिल खोलकर इनवेस्ट कर उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का वादा किया. इस समिट में रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी सम्बोधित करते हुए कहा कि हम सब मिलकर यूपी के सपने को साकार करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ वाकई में कर्मयोगी हैं. मुकेश अंबानी ने कहा कि उनकी कोशिश जियो को गांव-गांव तक ले जाने की है. उन्होंने यूपी को 10 हजार करोड़ रुपये देने का वादा भी किया.
समिट में शुरूआती सम्बोधन में अडाणी ग्रुप के गौतम अडाणी ने भी इनवेस्टर्स समिट को लेकर खासा उत्साह दिखाया. उन्होंने कहा कि इनवेस्टर्स समिट के जरिए प्रदेश में निवेश लाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भारत देश की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनेगा. देश और इसके प्रदेशों में बन रहे औद्योगिक और निवेश के माहौल की भी अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने तारीफ की. द्योगपति गौतम अडानी ने समिट में कहा कि पीएम मोदी ने इस प्रकार के कार्यक्रम की शुरुआत गुजरात में रहते हुए कि जिसके बाद देश के कई राज्यों ने इस प्रकार के कार्यक्रम किए हैं.
गौतम अडानी ने कहा कि हमारा ग्रुप यूपी में वर्ल्ड क्लास फूड पार्क, लोजिस्टिक पार्क खोलेगा. उन्होंने कहा कि यूपी में हमारा लक्ष्य सोलर पावर स्टेशन खोलने का प्लान है, साथ ही मेट्रो बनाने और यूनिवर्सिटी बनाने में भी निवेश करेंगे. अगले 5 साल में हम यूपी में करीब 35 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेंगे. बता दें कि उत्तर प्रदेश की राजधानी में 21 और 22 फरवरी को यूपी इनवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जा रहा है. इस समिट में देश और विदेश के औद्योगिक घराने के लोग हिस्सा ले रहे हैं. इनवेस्टर्स समिट के जरिए प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने यहां के लोगों के रोजगार और विकास को लेकर इसका ताना-बाना बुना है. इसके जरिए प्रदेश में निवेश को लेकर औद्योगिक घरानों को आकर्षित करने की दिशा में योगी सरकार की यह पहल है.
https://rashtriyadinmaan.com
