यूपी इन्वेस्टर्स समिट : राष्ट्रपति बोले- यूपी देश में संस्कृति और राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र है


President_Ram_Nath_Kovind_1519299609

lucknow | इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दो दिवसीय उत्तर प्रदेश इन्वेस्टर्स समिट 2018 गुरुवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के संबोधन के साथ संपन्न हो गया।  कार्यक्रम में राष्ट्रपति का मंच पर राज्यपाल राम नाईक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई बड़े नेताओं ने स्वागत किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने यूपी इन्वेस्टर्स समिट 2018 के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रयास से यूपी को एक मजबूत आधार मिला है। राष्ट्रपति ने कहा कि यूपी के विकास से ही भारत के विकास को दिशा मिलेगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तर प्रदेश विशेष भौगोलिक स्थिति संपदा और नौजवानों के कारण और संभावनाओं के द्वार खोलता है। यूपी हमारे देश में संस्कृति और राजनीति का महत्वपूर्ण केंद्र है। देश के कई प्रधानमंत्री चुनकर यहीं से संसद में गए, जिन्होंने लगातार वर्षों तक देश का नेतृत्व किया है। संयोग से मेरा जन्म और व्यक्तित्व निर्माण भी उत्तर प्रदेश की पावन धरती पर ही हुआ है। उन्होंने कहा कि मॉरिशस का उत्तर प्रदेश के साथ आने का निर्णय उत्तर प्रदेश के साथ उनके देश के लिए भी लाभकारी होगा।

 

राष्ट्रपति ने कहा कि उद्यमियों ने उत्तर प्रदेश में पूंजी लगाने का जो उत्साह दिखाया है, उसके कई कारण हैं। इस प्रदेश में देश के सबसे बड़ी राज्य अर्थव्यवस्था बनने की क्षमता है। कानून-व्यवस्था के मामले में भी राज्य सरकार ने दृढ़ता से परिचय दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के बारे में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से विकास के बावत समय-समय पर मार्गदर्शन मिलता रहता है। साथ ही सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की आवश्यकता के अनुरूप वित्त मंत्री अरुण जेटली का भी मार्गदर्शन मिलता रहता है।

सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्राचीन काल से धार्मिक आध्यात्मिक और औद्योगिक क्षेत्र रहा है। यह आयोजन अपने आपमें पहला और अद्भुत आयोजन है, जो राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर यूपी को प्रस्तुत कर सकता है।

उन्होंने कहा कि अभी हमारी सरकार को प्रदेश में कार्य करते हुए 11 महीने का समय हुआ है। हमारा रोडमैप क्या हो, हमारे विकास की योजनाएं क्या हों, जो कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच सकें। इसके लिए जो कार्य योजना बनाने की तैयारी की तो किसानों, वंचितों, नौजवानों, महिलाओं को विकास की योजनाओं के साथ जोड़ने और इसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति पहुंचाने की पहली कड़ी थी। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर वन डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट योजना पर ध्यान केंद्रित किया गया।

 

योगी ने बताया कि दो दिवसीय इन्वेस्टर्स समिट के दौरान 1045 एमओयू को सहमति दी गई है। मैं निवेशकों को इस बात के लिए आवश्यक आश्वस्त करता हूं कि उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था देश के अंदर बेहतरीन है और साथ ही जिस सिंगल विंडो पोर्टल को कल पीएम ने लांच किया है यह देश का पहला पोर्टल है जिससे एक स्थान पर बैठकर हर निवेशक निवेश की सुविधा का लाभ पा सकता है।

 


Scroll To Top
Translate »