
नई दिल्ली : सभी राजनीतिक पार्टियों में राज्यसभा चुनावों को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है. बसपा के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने राज्यसभा प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है. बुधवार को सपा ने अभिनेत्री जया बच्चन के नाम पर मुहर लगा दी है. यूपी में सपा विधायकों की संख्या को देखते हुए जया बच्चन का नाम पहले से ही लगभग तय माना जा रहा था, जिसकी आज पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा कर दी गई है.
बता दें कि आगामी 23 मार्च को राज्यसभा की 10 सीटों पर चुनाव होने वाले हैं. वर्तमान में समाजवादी पार्टी के पास 403 में से 47 विधायक हैं, लेकिन राज्यसभा सीट पर जीत दर्ज करने के लिए 38 विधायक का समर्थन मिलना जरूरी होता है. ऐसे में जया बच्चन की जीत लगभग तय ही मानी जा रही है. अगर इस बार जय बच्चन जीतती हैं तो यह दूसरा मौका होगा जब वह राज्यसभा में सपा का प्रतिनिधित्व करेंगी.
वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता और राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने जया बच्चन को सही उम्मीदवार बताया है. न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए अमर सिंह ने कहा कि जय बच्चन ने पार्टी में अपने काम को दिखाया है, जिससे पार्टी ने उन पर विश्वास किया है.
इस बीच चुनाव आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार संसद के उच्च सदन की 16 राज्यों में खाली हो रही 58 सीटों के लिये निर्वाचन प्रक्रिया पांच मार्च को चुनाव अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू होगी. इन सीटों पर चुनाव के लिये 23 मार्च को मतदान कराया जायेगा और उसी दिन मतगणना भी होगी. इसी के साथ केरल से राज्यसभा की एक सीट के लिये उपचुनाव भी होगा. यह सीट जदयू सदस्य एमपी वीरेन्द्र कुमार के गत वर्ष 20 दिसंबर को इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी. आयोग द्वारा प्राप्त जानकारी के मुताबिक 13 राज्यों से 50 राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल आगामी दो अप्रैल को, दो राज्यों (उड़ीसा और राजस्थान) से छह राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल तीन अप्रैल और झारखंड से दो सदस्यों का कार्यकाल तीन मई को समाप्त हो रहा है.
https://rashtriyadinmaan.com
