SSC परीक्षा घोटाला : हजारों छात्रों से मिले राहुल गांधी, दिया सहयोग का भरोसा


rahulgandhi1521204186jpg

 

 दिल्ली |  18 दिन से एसएससी बोर्ड की कथित धांधली का विरोध कर रहे छात्रों ने शुक्रवार को महाउपवास रखा। सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित धरनास्थल पर देशभर के विभिन्न राज्यों से हजारों प्रतियोगी छात्र यहां पहुंचे थे। पुलिस की कड़ी चौकसी के बीच प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया। शाम तकरीबन पौने पांच बजे इन छात्रों से मिलने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी यहां पहुंचे। राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे पर कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह नौ बजे से ही सीजीओ कॉम्प्लेक्स के बाहर छात्रों की भीड़ जुटने लगी थी। सुरक्षा कारणों को देखते हुए जेएलएन स्टेडियम मेट्रो स्टेशन को आज पूरी तरह बंद कर दिया गया था। यहां पहुंचे छात्रों ने एक कतार में बैठकर एसएससी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। दस बजते-बजते यहां छात्रों की संख्या दोगुनी होने लगी थी। प्रतियोगी छात्र यहां स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर पहुंचे थे।
 धरनास्थल पर पहुंचकर छात्रों ने महाउपवास का ऐलान करते हुए पूरे दिन कुछ भी न खाने का संकल्प लिया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि सिर्फ वे ही नहीं बल्कि उनके माता-पिता भी घर में आज उपवास रखेंगे। प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। बड़ी संख्या में यहां दिल्ली पुलिस के जवान लगाए गए थे। लड़कियों ने संभाली नेतृत्व की कमान धरनास्थल में हो रहे प्रदर्शन में सबसे आगे की कतार में लड़कियां बैठी थीं। ये प्रतियोगी छात्राएं मुखर्जीनगर के अलावा जयपुर और उत्तर प्रदेश, बिहार के विभिन्न जिलों से यहां समर्थन देने पहुंची थीं। छात्राओं के पीछे बैठे हजारों की संख्या में छात्रों के नेतृत्व को ज्यादातर लड़कियां ही संभाल रही थीं। लड़कियों के एक समूह ने भीड़ को काबू करने के लिए मोटी रस्सी को पकड़कर चारों तरफ से घेराबंदी की थी।
छात्रों का एलान, 31 मार्च को होगा हल्ला बोल पिछले 18 दिनों से एसएससी में धांधली और भ्रष्टाचार के खिलाफ देशभर के छात्र आंदोलन कर रहे हैं। सीजीओ कॉम्प्लेक्स पर छात्र अपनी मांगों के लिए दिन-रात सड़क पर बिता रहे हैं। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि हम सरकार को 15 दिन की मोहलत के साथ अपने मांगों को पूरा करने की अंतिम चेतावनी देते हैं। अगर सरकार इन्हें पूरा करने में असफल रहती है तो 31 मार्च को देशभर के छात्र संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग के लिए दिल्ली पहुंचकर हल्लाबोल करेंगे। 31 मार्च को युवाओं का हल्लाबोल अभूतपूर्व होगा और यह छात्रशक्ति का अप्रतिम उदाहरण होगा।
ये हैं दो मुख्य मांगें: – सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग बेंच के अधीन एसएससी द्वारा गत वर्ष कराई गई सभी परीक्षाओं व संपूर्ण कार्यप्रणाली की सीबीआई से निष्पक्ष व सीमित समय में जांच हो। – जांच पूरी होने तक एसएससी द्वारा कराई जाने वाली (अभी चल रही) सभी परीक्षाओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। राहुल गांधी ने दिलाया भरोसा प्रदर्शन कर रहे एसएससी छात्रों से मिले राहुल गांधी ने कहा कि व्यापम जैसे घोटाले देश की शिक्षा व्यवस्था में हो रहे हैं। हमारी जिन भी राज्य में सरकार है। साथ ही जहां भी हम विपक्ष में हैं, वहां पर छात्रों की आवाज को उठाएंगे। मै एसएससी परीक्षार्थियों के साथ हूं। सरकार के सामने यह मुद्दा रखेंगे और सीबीआई जांच की मांग करेंगे।


Scroll To Top
Translate »