
केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने आउटर रिंग रोड, किसान पथ व कुकरैल पुल के निर्माणाधीन हिस्से का किया निरीक्षण,
लखनऊ। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को राजधानी के नए निर्माणाधीन आउटर रिंग रोड, किसान पथ व कुकरैल पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने सुल्तानपुर रोड से कानपुर रोड के हिस्से को जगह रुक कर देखा। एनएचएआई व लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से इसके बारे में जानकारी ली तथा निर्माण कार्य और तेज करने का निर्देश दिया है। गृहमंत्री ने अफसरों से साफ कहा है कि वह इसका काम निधारित समय पर पूरा कराएं। अधिकारियों ने नवम्बर तक इसका तीन हिस्सा पूरा होने की जानकारी दी। आउटर रिंग रोड के कुछ हिस्से का लोकार्पण 25 दिसम्बर को पूर्व पीएम अटल बिहारी बाजपेयी के जन्म दिन पर करने की तैयारी है। निरीक्षण के दौरान गृहमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या, राज्यमंत्री महेन्द्र सिंह, विधायक अविनाश त्रिवेदी, अधिकारी मौजूद थे।
गृहमंत्री ने किसान पथ-आउटर रिंग रोड का निरीक्षण सुल्तानपुर रोड से शुरू किया। यहां लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने उन्हें जगह जगह हो रहे काम दिखाए। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव व इंजीनियरों ने गृहमंत्री को इसके नक्शे दिखाए और इनका निर्माण पूरा होने की तारीख भी बतायी। सुलतानपुर रोड व फैजाबाद रोड के बीच में बाराबंकी रेलवे लाइन के ऊपर प्रस्तावित रेलवे ओवर ब्रिज को भी उन्होंने देखा। यहां अधिकारियों ने अभी रेलवे से एनओसी प मिलने की जानकारी दी। गृहमंत्री ने इस बारे में रेल मंत्री से बात कर शीघ्र एनओसी दिलाने की बात कही। रेलवे लाइन के बीच के हिस्से को छोड़कर बाकी दोनों तरफ पुल का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके बाद गृहमंत्री फैजाबद रोड पर पहुंचे। यहां उन्होंने फैजाबाद रोड को क्रास करने के लिए बनाए जा रहे फ्लाई ओवर का काम भी देखा। इस पुल का निर्माण एनएचएआई करा रहा है।
गृहमंत्री ने अधिकारियों से इसका काम पूरा होने के बारे में जानकारी ली। बाद में वह कुकरैल नाले के पास निर्माणाधीन प्लाईओवर को भी देखने पहुंचे। यहां भी उन्होंने फ्लाईओवर के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि नवम्बर 2018 तक कुकरैल पुल तैयार हो जाएगा। इसके बाद इस रोड पर वाहन फर्राटा भरने लगेंगे।आउटर रिंग रोड-किसान पथ के कुर्सी रोड से फैजाबाद रोड के बीच के हिस्से का निर्माण सितम्बर में पूरा हो जाएगा। सबसे तेजी से इसी हिस्से का काम चल रहा है। इस हिस्से पर रोड का काफी काम हो चुका है। करीब 15 किलोमीटर लम्बे इस हिस्से पर कई पुल भी बनाए जा रहे हैं। यह एडवांस स्टेज पर है।आउटर रिंग रोड-किसान पथ के सीतापुर रोड से कुर्सी रोड तथा फैजाबद रोड से सुल्तानपुर रोड के बीच के हिस्से का निर्माण कार्य नवम्बर 2018 में पूरा होगा।
राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि इन दोनों हिस्सों की लम्बाई करीब 27 किलोमीटर है।सुल्तानपुर रोड से मोहान रोड व मोहान रोड से सीतापुर रोड के बीच का काम सितम्बर-अक्तबूर 2019 में पूरा हो जाएगा। इन दोनों की लम्बई करीब 64 किलोमीटर है। सुल्तानपुर रोड से मोहान रोड के बीच में से सुल्तानपुर रोड से कानपुर रोड के बीच का काम मई जून 2019 तक पूरा होने की बात कही गयी।
https://rashtriyadinmaan.com
